साइकिल से संसद पहुंचे विजय गोयल

Summary :

सांसद और पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल गुरुवार को संसद भवन साइकिल चलाकर पहुंचे। उनकी साइकिल पर बोर्ड लगा हुआ था ‘दिल्ली सरकार दे जवाब, हवा पानी क्यों खराब।’

नई दिल्ली : सांसद और पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल गुरुवार को संसद भवन साइकिल चलाकर पहुंचे। उनकी साइकिल पर बोर्ड लगा हुआ था ‘दिल्ली सरकार दे जवाब, हवा पानी क्यों खराब।’ गोयल ने कहा कि पूरी दिल्ली खराब हवा और खराब पानी की समस्या से जूझ रही है। 
केजरीवाल दिल्ली के दो करोड़ लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ऑड-ईवन से कोई लाभ नहीं हुआ उसकी रिपोर्ट आनी चाहिए। पांच साल में रोड डस्ट, कंस्ट्रक्शन डस्ट, इंडस्ट्रियल प्रदूषण पर काम होने चाहिए थे, जो कि केजरीवाल सरकार ने नहीं किए। इस सरकार ने न तो स्प्रिंक्लिंग मशीन लगाई, न वैक्यूम क्लीनर, न ही स्मोग फ्री टावर लगवाए। सिर्फ पराली-पराली कहते रहे। 
उन्होंने कहा कि अगर प्रदूषण पराली से था तो ऑड-ईवन क्यों किया था? लोकसभा और राज्यसभा में भी ज्यादातर सांसदों ने माना था कि प्रदूषण पराली के कारण नहीं हो रहा है। गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी बता नहीं पा रही कि प्रदूषण पर क्या काम किया। ऐसा ही हाल पानी का बन चुका है। हर कोई बोतल का पी रहा है। 
दिल्ली में आज सांस लेना 25 सिगरेट फूंकने जैसा हो गया है। लंग कैंसर के मरीजों की संख्या बढ़ गई है और तो और अब ऑक्सीजन भी बिक रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को शर्म आनी चाहिए और उन्हें प्रदूषण और गंदे पानी पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

Desk Team