विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और अन्य संगठनों ने 27 वर्षीय श्रद्धा वालकर की हत्या के मामले में बृहस्पतिवार शाम दक्षिणी दिल्ली में कैंडल मार्च निकाला और गिरफ्तार आरोपी आफताब अमीन पूनावाला को मौत की सजा देने की मांग की।
दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके में आठ अलग-अलग स्थानों से निकाले गए कैंडल मार्च में भाग लेने वाले लोगों ने यह भी मांग की कि दिल्ली सरकार ‘‘अवैध धर्मांतरण और लव जिहाद’’ के खिलाफ सख्त कानून लाए।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा, ‘‘महरौली में श्रद्धा वालकर की जघन्य हत्या से नाराज हिंदू समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से मार्च निकाला।’’ उन्होंने कहा कि कैंडल मार्च को विहिप और अन्य संगठनों ने समर्थन दिया।
विहिप की दिल्ली इकाई के सचिव सुरेंद्र गुप्ता ने एक बयान में कहा, ‘हिंदू जागृति’ कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने वालकर को श्रद्धांजलि दी और उसकी हत्या के मामले की त्वरित सुनवाई और आरोपी को ‘तीन महीने के भीतर’ मौत की सजा देने की मांग की।
उन्होंने यह भी मांग की कि राष्ट्रीय राजधानी में अवैध धर्मांतरण और ‘लव जिहाद’ के मामलों को रोकने के लिए कड़े कानून लाए जाएं।
पूनावाला ने वालकर की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी थी और वह उसके शव के 35 टुकड़े करने के बाद उन्हें लगभग तीन सप्ताह तक 300 लीटर के फ्रिज में रख आधी रात के बाद कई दिनों तक शहर के विभिन्न हिस्सों में इसे फेंकता रहा। पुलिस ने कहा कि दोनों के बीच वित्तीय मुद्दों पर अक्सर झगड़े होते थे और आशंका है कि इसी तरह के झगड़े के दौरान पूनावाला ने 18 मई की शाम को वालकर की हत्या कर दी।


Download Android App
Download iOS App



