नई दिल्ली : जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रशासन की तरफ से छात्रावास के स्नानघर, पानी के फिल्टर और नल के लिए मीटर लगवाए जा रहे हैं। यह कहना है जेएनयू छात्र संगठन का। छात्र संघ का कहना है कि एक बार फिर से प्रशासन ने छात्र विरोधी कदम उठाए हैं।
इस बारे में छात्र संघ अध्यक्ष एन साईं बालाजी ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन अब छात्रों से पानी के मीटर लगवाने के बाद पानी का इस्तेमाल करने पर पैसे वसूलेगा। यही नहीं छात्रावास के हर कमरे में बिजली के मीटर भी अलग से लगवाए जाने का फैसला प्रशासन ने किया है।
इनका आरोप है कि जेएनयू प्रशासन ने इससे पहले ही जेएनयू में कई जगहों पर सीसीटीवी लगवाने, विश्वविद्यालय में खाने की निजी कंपनियों को रेस्टोरेंट खोलने जैसे फैसले लिए हैं। यह सभी छात्र विरोधी हैं। निजी कंपनियों के रेस्टोरेंट खोलने से छात्रों को महंगा खाना मिलेगा। अभी तक कैंपस में कई ढाबे चलाए जाते हैं। इनकी जगह रेस्टोरेंट खुलने से छात्रों को सस्ता खाना नहीं मिल सकेगा।


Download Android App
Download iOS App



