केन्द्रीय मंत्री विष्णुदेव साय ने आज कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वपूर्ण फैसलों का उपहास उड़ा कर सर्वोच्च न्यायालय में माफी मांग लेना देश की जनता को रास नहीं आया। साय ने कहा कि एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबधंन को भारी बहुमत के साथ केंद्र की सत्ता में वापसी का संकेत दिए जाने का स्पष्ट अर्थ है कि प्रधानमंत्री मोदी के सभी बड़े फैसलों को देश की जनता ने सही ठहराया है।
उन्होंने एग्जिट पोल को सही ठहराते हुए कहा कि केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष अपनी चुनावी सभाओं में उपहास उड़ाते थे। इसके बाद सर्वोच्च न्यायालय के सामने उन्होंने माफी मांगी। कांग्रेस अध्यक्ष की ये बातें देश के मतदाताओं को काफी नागवार गुजरी।
इसी वजह से गैर भाजपा सरकार वाले राज्य छत्तीसगढ़, ओडिशा , पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश व अन्य राज्यों के मतदाताओं ने भी कांग्रेस पार्टी को नकार दिया है। विष्णुदेव साय ने दावा किया कि भाजपा को इन सर्वेक्षणों से भी अधिक सीटें मिलेंगी और देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।


Download Android App
Download iOS App



