नई दिल्ली : उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने शनिवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल उनकी सेहत के बारे में अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केजरीवाल को अफवाहें फैलाए बिना भी चुनाव लड़ना सीख लेना चाहिए।
शीला ने ट्वीट कर कहा, ‘अरे भाई अरविंद केजरीवाल, मेरी सेहत को लेकर क्यूं गलत अफवाहें फैला रहे हो? अगर कोई काम नहीं हो तो आ जाओ भोजन पर। मेरी सेहत भी देख लेना, भोजन भी कर लेना और अफवाहें फैलाए बिना चुनाव लड़ना भी सीख लेना। शीला दीक्षित के इस ट्वीट पर कवि कुमार विश्वास ने तंज कसा। कुमार विश्वास ने ट्वीट कर कहा कि वह तो तीन महीने से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन आप ही दरवाजे नहीं खोल रहे थे।
कुमार विश्वास के इस तंज पर शीला दीक्षित ने कहा कि, ‘तुम तो सब को ला-जवाब कर देते हो’ वैसे अरविंद केजरीवाल ने भी शीला दीक्षित के इस ट्वीट का जवाब दिया है। केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘मैंने आपकी सेहत पर कब कुछ बोला? कभी नहीं। मेरे परिवार ने मुझे बुजुर्गों की इज्जत करना सिखाया है।
भगवान आपको अच्छी सेहत और लम्बी उम्र दे। जब आप अपने इलाज के लिए विदेश जा रहीं थीं तो मैं बिना बुलाए आपकी सेहत पूछने आपके घर आया था। बताइए आपके घर भोजन करने कब आऊं?’ राष्ट्रीय राजधानी में छठे चरण का मतदान हो सम्पन्न हो चुका है।


Download Android App
Download iOS App



