नई दिल्ली : दिल्ली में सात लोकसभा सीटों के लिए रविवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। मतदान खत्म होने के बाद सभी ईवीएम कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंचा दी गई हैं। हर लोकसभा क्षेत्र में एक-एक स्ट्रांग रूम बनाया गया है। खास बात यह रही कि जिन गाड़ियों से ईवीएम मशीनों को स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचाया गया, उसे जीपीएस से लैस रखा गया है। यहां पर इन ईवीएम मशीनों को त्रिस्तरीय सुरक्षा में रखा जाएगा।
23 को मतगणना के दौरान यह ईवीएम मशीन दिल्ली की सातों लोकसभा क्षेत्रों के 164 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेगी। बता दें कि दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों के 13,819 मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक पद्धति से मतदान के लिए 25,146 बैलेट यूनिट, 13,819 कंट्रोल यूनिट और 13,819 वीवीपैट की सहायता ली गई, जबकि 6,125 बैलेट यूनिट, 4,345 कंट्रोल यूनिट एवं 5,348 वीवीपैट बैकअप में रखी गई थीं।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने बताया कि हर लोकसभा क्षेत्र की ईवीएम के लिए उसी क्षेत्र में स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है जहां पर इन्हें विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से रखा जाएगा। सभी ईवीएम पर न केवल डबल लॉक होगा बल्कि सील भी रहेगी। इसके अलावा सभी स्ट्रॉन्ग रूमों पर सशस्त्र पुलिस बल, अर्धसैनिक बल और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि सभी ईवीएम अब 23 मई को मतगणना के दौरान खुलेंगी।


Download Android App
Download iOS App



