सातों लोकसभा सीटों पर आप को जिताएं : सीएम

Summary :

केजरीवाल ने कहा कि 70 सालों में यहां कितनी सरकारें बदली लेकिन सड़कों की हालत नहीं सुधरी। भाजपा-कांग्रेस की सरकारें बनी लेकिन सीवर-सड़क नहीं बने।

नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कमरुद्दीन नगर में सीवर लाइन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस सीवर लाइन से निलोठी वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के अन्तर्गत आने वाली कमरुद्दीन नगर के आसपास वाली कॉलोनी को फायदा होगा। इस सीवर लाइन का लाभ 1.47 लाख लोगों को मिलेगा। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 70 सालों में यहां कितनी सरकारें बदली लेकिन सड़कों की हालत नहीं सुधरी। भाजपा-कांग्रेस की सरकारें बनी लेकिन सीवर-सड़क नहीं बने। हमने केवल साढ़े तीन सालों में इतना काम कर दिखाया तो वे क्यों नहीं कर सके? सीएम ने कहा कि पहली सरकारों ने घाटे का हवाला दिया लेकिन हमने उसी फंड में काम कर दिखाया।

अब आप स्वयं अंदाजा लगा लें कि हमारे साढ़े तीन साल का काम ज्यादा है या केन्द्र की मोदी सरकार के सांसदों का साढ़े चार साल का काम ज्यादा है। केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों से कहा कि वे इस बार भाजपा को वोट देने की गलती न करें, दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों पर आप के सांसदों को जिताये। सीएम ने मोहल्ला क्लीनिक, डोर-स्टेप-डिलीवरी, सरकारी स्कूल की काया पलट और बिजली के घटे दामों का भी जिक्र किया। निर्माण कार्य के बारे में जलबोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कमरुद्दीन नगर में 102.7 किलोमीटर लंबी आंतरिक और पेरीफेरल लाइन डालने का काम 40.66 करोड़ की लागत से शुरू हुआ जो अगले दो साल में पूरा होगा।

केजरीवाल के आवास के बाहर भाजपा का प्रदर्शन

निलोठी वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के तहत कमरुद्दीन नगर के आसपास वाली करीब 32 कॉलोनियों को इससे फायदा होगा। यहां बता दें कि उक्त 32 कॉलोनियों में सीवर आदि की कोई व्यवस्था नहीं है। इनका सीवर डिस्चार्ज यमुना में गिरता है। कई बार तो बरसात में इस सीवर डिस्चार्ज के कारण यहां के हालात बेहद खराब हो जाते हैं। कार्यक्रम के दौरान आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, सुशील गुप्ता,जलबोर्ड उपाध्यक्ष निदेश मोहनिया, जलबोर्ड सीईओ, विधायक सुखबीर दलाल, जलबोर्ड के अधिकारी और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

Desk Team