पश्चिम दिल्ली के ख्याला में मामूली झगड़ा होने पर एक पड़ोसी ने बुधवार को एक महिला की कथित रूप से चाकू घोंपकर हत्या कर दी जबकि उसके पति और एक नाबालिग बेटे को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद आज़ाद के तौर पर हुई है।
उसने परिवार के सदस्यों पर कई बार चाकू से वार किया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि मृतका की शिनाख्त सुनीता के तौर पर हुई है। घायलों में 41 वर्षीय वीरू और आकाश हैं। पुलिस ने कहा कि शाम करीब साढ़े सात बजे मामूली मसले पर इलाके में रहने वाली सुनीता और आरोपी का झगड़ा हो गया।
महिला ने इसकी जानकारी अपने पति और बेटे को दी। वे भी आरोपी का मुकाबला करने के लिए पहुंचे गए। इसके बाद आरोपी ने उनपर चाकू से कई बार वार किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों को ख्याला के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया जहां सुनीता को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उसके पति और बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने कहा कि वह झगड़े के कारण की जांच कर रही है और इसकी भी तफ्तीश कर रही है कि क्या उनके बीच पहले भी झगड़ा हुआ था। पुलिस ने कहा कि घटना के परिणामों के डर से आजाद के परिवार ने अपना घर छोड़ दिया है। पुलिस ने बताया कि परिवार ख्याला की डीडीए कॉलोनी में किराये पर रहता है और आरोपी उनका पड़ोसी है। अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को पकड़ने के लिए दल गठित कर दिए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App




