नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने आज मांग की कि इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में छेड़छाड़ के आरोपों पर गौर करने के लिए चुनाव आयोग के नेतृत्व में सर्वदलीय समिति बनाई जाए। पार्टी कल आयोग के पास जाकर हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में प्रयुक्त ईवीएम देने की मांग करेगी। नौ मई को दिल्ली विधानसभा में ईवीएम जैसे एक उपकरण में छेड़छाड़ हो सकने का प्रदर्शन करने वाले आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि समिति में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि होने चाहिए।
चुनाव आयोग ने यहां अपने मुख्यालय में कल इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है। आप ने पंजाब और गोवा विधानसभा तथा हालिया एमसीडी चुनावों में उसके निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ईवीएम का मुद्दा उठाया है। आप के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आज यहां चुनाव आयोग मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और आगामी चुनावों में वीवीपीएटी युक्त ईवीएम इस्तेमाल करने की मांग की।
(भाषा)


Download Android App
Download iOS App



