नई दिल्ली : केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास मामलों के राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आम आदमी पार्टी पर अनधिकृत कालोनियों को नियमित करने और दिल्ली मेट्रो की विभिन्न परियोजनाओं सहित विभिन्न मुद्दों पर जनता के बीच झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आप नेता मतदाताओं को गुमराह कर वोट हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
पुरी ने बुधवार को शासन प्रशासन के संचालन में आप को अनुभवहीन बताते हुये कहा कि इस पार्टी के नेताओं की काम करने के लिये कोई प्रतिबद्धता भी नहीं है इसलिये ये लोग झूठ फैलाने का काम कर रहे हैं। पुरी ने अनधिकृत कालोनियों को नियमित नहीं करने और दिल्ली में सीलिंग के संकट के लिये केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास मामलों के मंत्रालय को आप की पूर्वी दिल्ली से प्रत्याशी आतिशी द्वारा दोषी ठहराये जाने के जवाब में ट्वीट कर कहा, ‘‘दिल्ली का हर नागरिक जानता है कि गत वर्षों में हुई सीलिंग माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश पर भूरे लाल की अध्यक्षता में गठित एक विशेष समिति द्वारा की गयी थी।
इसमें केंद्र सरकार या किसी भी निगम का कोई लेना देना नहीं था।’’ एक अन्य ट्वीट में पुरी ने कहा, ‘‘दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में आप की प्रत्याशी आतिशी द्वारा पैम्फलेट के रूप में झूठ के एक पुलिंदे का वितरण किया गया है। एक ऐसी पार्टी जिसमें न तो प्रशासन का कोई तजुर्बा है और न ही काम करने की कोई लगन, सत्ता की ललक में केवल झूठ का ही सहारा ले सकती है।’’
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के दौरान आप के प्रत्याशी दिल्ली में सीलिंग, अनधिकृत कालोनी और मेट्रो के चौथे चरण का काम लंबित होने के लिये भाजपा शासित केन्द्र सरकार और नगर निगमों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। दिल्ली की सात सीटों पर छठे चरण में 12 मई को मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App



