रांची : झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने आज कहा कि स्वच्छ भारत का सपना पूरा करना ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। श्रीमती मुर्मू ने यहां कहा कि स्वच्छ भारत का सपना पूर्ण कर हम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं।’ उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुये कहा कि मिलकर कदम बढ़ना है भारत को स्वच्छ बनाना है।राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति का प्रारंभ से ही स्वच्छता से नाता रहा है।
जिस तरह सभी अपने घरों को स्वच्छ रखते हैं उसी तरह सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने का प्रयास करना चाहिये। उन्होंने कहा कि चार वर्ष पूर्व प्रारम्भ हुए स्वच्छ भारत अभियान का परिणाम अब परिलक्षित हो रहा है। गांव-गांव खुले में शौच से मुक्त हो रहें हैं। अब स्वच्छता ही सेवा भाव कार्यक्रम इस अभियान को क्रांति का स्वरूप प्रदान कर रहा है। श्रीमती मुर्मू ने देश और राज्य के युवाओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान में योगदान दें और स्वच्छता के वाहक बनें। उन्होंने कहा कि इस अभियान में युवाओं का योगदान अपेक्षित है।