अमेरिकी चुनाव और रिश्तों का नया पेंच!

Summary :

अमेरिकी संसद और सीनेट में डेमोक्रेट के बहुमत से निश्चय ही पाकिस्तान को चिंतित होने की जरूरत है क्योंकि वह ट्रम्प को सिर आंखों पर लिए घूमता रहा है। वैसे ध्यान रखिए कि पाकिस्तानी हुक्मरानों को यू-टर्न मारते देर नहीं लगती है। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के बाद अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों -हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट के बदले स्वरूप पर दुनिया भर में चर्चा हो रही है। यह समझने की कोशिश की जा रही है कि ट्रम्प के कमजोर होने और डेमोक्रेट के बलशाली होने का दुनिया में क्या असर होगा। इस पर मेरी भी नजर है क्योंकि…

अमेरिकी संसद और सीनेट में डेमोक्रेट के बहुमत से निश्चय ही पाकिस्तान को चिंतित होने की जरूरत है क्योंकि वह ट्रम्प को सिर आंखों पर लिए घूमता रहा है। वैसे ध्यान रखिए कि पाकिस्तानी हुक्मरानों को यू-टर्न मारते देर नहीं लगती है। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के बाद अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों -हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट के बदले स्वरूप पर दुनिया भर में चर्चा हो रही है। यह समझने की कोशिश की जा रही है कि ट्रम्प के कमजोर होने और डेमोक्रेट के बलशाली होने का दुनिया में क्या असर होगा।

इस पर मेरी भी नजर है क्योंकि अमेरिका से सभी प्रभावित होते हैं। मगर इस कॉलम में हम खास तौर पर यह समझने की कोशिश करेंगे कि पाकिस्तान और भारत के संदर्भ में क्या बदलेगा? इसे हम रिश्तों की नई पेंच मान सकते हैं क्योंकि ट्रम्प ने तो सारे रिश्ते-नाते ही उलट-पलट दिए हैं। वैसे न तो रिपब्लिकन और न ही डेमोक्रेट के बारे में कहा जा सकता है कि वे भारत के पक्षधर रहे हैं। दोनों का रुख वक्त और काल के अनुसार बदलता रहा है। रिपब्लिकन राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के समय भारत के साथ ऐसे समझौते हुए जो हमारे लिए काफी फायदेमंद थे।

ट्रम्प का पहला कार्यकाल भी ठीक ही था मगर दूसरे कार्यकाल में वे भारत को एक तरफ दोस्त कहते रहे हैं तो दूसरी ओर टैरिफ के मुद्दे पर भारत को दबाने की कोशिश करते रहे हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी के बराक ओबामा और जो बाइडेन ने राष्ट्रपति के रूप में भारत के साथ कूटनीतिक और रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने की कोशिश की। दोनों ही पार्टियों का रुख इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में चीन के प्रभाव को रोकने में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण को लेकर एक जैसा है।

दोनों ने ही रक्षा, आतंकवाद के विरोध और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत के साथ मजबूत संबंधों को विकसित करने की कोशिश की. मगर ट्रम्प के आने के बाद कई बार ऐसा लगा कि चीन को रोकने के लिए भारत को सशक्त करने की नीतियां खटाई में पड़ गई हैं. चीन ने जब ट्रम्प को हड़काया तो वे सीधी राह चलने लगे लेकिन भारत ने संतुलित व्यवहार रखा तो भारत की नकेल कसने की कोशिश की। तब डेमोक्रेटिक पार्टी के कई नेताओं और राजनीतिक विश्लेषकों ने खुलकर कहा कि भारत के साथ रिश्ते बेहतर करने की प्रक्रिया को ठेस पहुंच रही है लेकिन ट्रम्प नहीं माने।

मगर अब हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट में डेमोक्रेट्स का बहुमत है तो ट्रम्प अपनी मर्जी से ज्यादा कुछ कर नहीं पाएंगे। हालांकि वे कोशिशों से बाज नहीं आएंगे क्योंकि अमेरिका में राष्ट्रपति के पास भी अधिसूचना का व्यापक हथियार होता है, निश्चय ही डेमोक्रेट भी सख्ती करेंगे, यानी भारत यह उम्मीद कर सकता है कि बे-सिर पैर की हरकतें शायद कम हो जाएं। डेमोक्रेट पूरी तरह से चीन के खिलाफ हैं इसलिए हो सकता है कि कुछ निर्णय भारत के पक्ष में जाएं।

स्वाभाविक रूप से अमेरिका की चीन नीति हमें प्रभावित करती है मगर हमें इस बात का ख्याल रखना होगा कि चीन के खिलाफ रणनीति में हम नहीं पिसें। चीन की हरकतें चाहे जैसी हों लेकिन वो हमारा पड़ोसी है और हम दोनों को एक-दूसरे की जरूरत है। हमारे लिए निश्चय ही यह अच्छी खबर है कि डेमोक्रेटिक पार्टी में भारतीय-मूल के नेताओं का प्रभाव लगातार बढ़ा है। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डॉ. अमी बेरा, रो खन्ना, प्रमिला जयपाल, सुहास सुब्रह्मण्यम, पिया डांडिया और डॉ. अमीश शाह की जीत महत्वपूर्ण है।

भारत से गहरा पारिवारिक संबंध रखने वाले अब्दुल अल-सैयद सीनेट में चुन कर आए हैं। उनके ससुर डॉ. जुकाकू एस. तैयब मूल रूप से कर्नाटक के तटीय शहर भटकल के रहने वाले थे। अब जरा इस बात पर गौर करें कि पाकिस्तान के साथ अमेरिका के रिश्तों की नई पेंच कैसी रहेगी? हम सब जानते हैं कि पाकिस्तान का लक्ष्य केवल लाभ लेना है। कभी कश्मीर के नाम पर तो कभी अमेरिका के लिए खुद को महत्वपूर्ण बता कर मदद ऐंठता रहता है। अमेरिका सब समझता है लेकिन वह भी कम चालाक नहीं है।

वह पाकिस्तान को हथियार बेच कर लाभ कमाता है, इस वक्त पाकिस्तान ट्रम्प को सिर पर लिए घूम रहा है, यहां तक कि उसके प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना अध्यक्ष आसिम मुनीर तो ट्रम्प को शांति का नोबल पुरस्कार देने की वकालत करते रहे हैं। इमरान खान के मसले पर ट्रम्प ने पाकिस्तान की कभी आलोचना नहीं की जबकि डेमोक्रेट मुखर रहे हैं। इल्हान उमर और ग्रेग कैसर जैसे दर्जनों डेमोक्रेट सांसद मुखर रहे हैं। ये सांसद इस बात की मांग करते रहे हैं कि पाकिस्तान को अमेरिकी सैन्य सहायता तभी दी जानी चाहिए जब वह मानवाधिकारों का अपना रिकॉर्ड सुधारे।

इसलिए यह उम्मीद की जानी चाहिए कि हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट से पाकिस्तान को परेशानी हो सकती है। मगर एक बात सौ फीसदी सच है कि जब भी अमेरिकी फायदे और नुकसान की बात होगी तो दोनों में से कोई भी न भारत की सुनेगा और न ही पाकिस्तान की। सच्चाई यही है कि अमेरिका की विदेश नीति कभी नहीं बदलती, सीआईए इस पर हमेशा खास नजर रखती है।
जरा उन पक्षियों के बारे में सोचिए…!

हर साल की तरह इस बार भी दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के पार चला गया है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मानकों के अनुसार यह अत्यंत गंभीर है, स्वाभाविक रूप से हम सब ऐसी स्थिति में उन इंसानों के बारे में सोचते हैं जो ऐसी प्रदूषित हवा में सांस ले रहे हैं, मगर क्या हम उन पक्षियों के बारे में सोचते हैं जिनके लिए यह भयानक स्थिति मौत से कम नहीं है। काश ! हम यह समझ पाते कि हम इंसानों का जब यह हाल है तो नाजुक पक्षियों का क्या हाल होगा! इस पर सोचिएगा जरूर।

विजय दर्डा