कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने दीपावली को खुशियों की ‘ईद’ कहकर बेशक कोई गुनाह नहीं किया है मगर एक निरर्थक विवाद को अवश्य जन्म दे दिया है। इसमें कोई दो राय नहीं हो सकती कि उर्दू शब्द ईद का अर्थ त्यौहार या पर्व ही होता है मगर दीपावली भारत में स्वयं त्यौहार का पर्याय बन चुकी है अतः इसे ईद की संज्ञा से नवाजना अनाश्यक शाब्दिक कवायद कही जायेगी। यह भी सही है कि दक्खिनी हिन्दी में सामान्य हिन्दी व उर्दू के शब्द इस प्रकार घुले-मिले होते हैं कि इन्हें सुनने में विशेष कर्णप्रियता का भाव बरबस ही आ जाता है फिर भी दीपावली ऐसा त्यौहार है जिसे किसी दूसरी भाषा के शब्द की दरकार नहीं है।
ऐतिहासिक रूप से यदि देखा जाये तो भारत में आठवीं सदी में इस्लाम धर्म के आने के बाद जिस तरह 12वीं सदी से मुस्लिम सुल्तानों का राज शुरू हुआ, उन्होंने भी भारतीयों के दीपावली त्यौहार को बहुत कौतूहल से देखा और उस समय के मुस्लिम इतिहासकारों ने इसे खुशियों का ऐसा पर्व बताया जो कई दिनों तक चलता है और इस दौरान हर हिन्दुस्तानी प्रसन्नता में मग्न रहता है और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर व बांटकर अपना जीवन प्रेममयी बनाता है।
तत्कालीन मुस्लिम साहित्यकारों ने इसे खुशियों की ईद भी कहा मगर वर्तमान समय में दीपावली के लिए उत्सव की जगह ईद शब्द का प्रयोग करना उत्तर भारत में अटपटा लग सकता है क्योंकि देश के मुस्लिम समाज के नागरिक भी दीपावली को दिवाली कह कर ही त्यौहार की अभिव्यक्ति करते हैं। त्यौहार को साम्प्रदायिक रंग देना भी उचित नहीं कहा जा सकता क्योंकि दीपावली हिन्दू-मुसलमान में भेद नहीं करती और देश के मुस्लिम कारोबारी भी इस त्यौहार पर बेशक पूजा-पाठ न करते हों मगर वे भी अपने कारोबारी संस्थानों को रोशनी से सराबोर रखते हैं लेकिन इससे कांग्रेस पार्टी का बिना वजह किसी पर्व को मुस्लिम नाम से नवाजने का नजरिया जरूर प्रकट होता है।
दीपावली पर्व की जब हम शुभकामनाएं देते हैं अथवा दिवाली मुबारक कहते हैं तो किसी भी कोण से इसमें हिन्दू-मुस्लिम नजरिया सामने नहीं आता मगर दीपावली को खुशियों की ईद बताने से यह भाव अनायास आ जाता है। अब जब पांच राज्यों में अगले वर्ष की पहली तिमाही में विधानसभा चुनाव होने हैं तो इस ईद और दिवाली पर राजनीति होना तय है। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश भी शामिल है जो कि देश का सबसे बड़ा राज्य होने के साथ ही हिन्दू-मुस्लिम राजनीति का गढ़ भी है।
भाजपा ने ईद और दिवाली के मामले को अपनी नजर से देखा है और इसे कांग्रेस की मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति कहा है जबकि कांग्रेस इस बहाने अपनी धर्मनिरपेक्षता की छवि को चमकाना चाहती है। कांग्रेस दिवाली को खुशियों की ईद कहकर यह दिखाना चाहती है कि वह भाजपा के हिन्दुत्व से अलग सभी धर्मों के लोगों को साथ लेकर चलने की हिमायती है। यह तो अभी बताना मुमकिन नहीं है कि इस प्रसंग से हिन्दू और मुसलमान वोटों के ध्रुवीकरण पर क्या असर पड़ेगा मगर इतना निश्चित है कि इसका नुक्सान कांग्रेस पार्टी को ज्यादा होगा क्योंकि कांग्रेस ने बैठे-बिठाये भाजपा के हाथ में मुद्दा थमा दिया है जबकि प्रदेश की सियासत अयोध्या के श्रीराम मन्दिर मुद्दे पर पहले से ही लगातार गर्म होती जा रही है।
लगभग तीन महीने पहले जब श्री राम मन्दिर में चन्दा चोरी का प्रकरण सामने आया था तो भाजपा बुरी तरह रक्षात्मक होकर खेल रही थी और विपक्ष खासकर राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी व कांग्रेस उस पर तीखे आक्रमण कर रही थीं लेकिन पिछले 15 दिनों से भाजपा ने पाला पूरी तरह बदल दिया है और अब वह आक्रामक होकर पूछ रही है कि 1990 में रामभक्तों पर गोली चलाने वाली समाजवादी पार्टी की तत्कालीन मुलायम सिंह सरकार के उत्तराधिकारी श्री अखिलेश यादव किस मुंह से अयोध्या में भगवान राम के दर्शन करने जायेंगे।
अखिलेश की तरफ से पिछले सप्ताह ही घोषणा की गई थी कि वह आगामी 12 दिसम्बर को सपरिवार अयोध्या जाकर श्रीराम लला के दर्शन करेंगे। इस पर भाजपा नेता व मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने उल्टे सवाल जड़ दिया है कि क्या अखिलेश जी भगवान राम के दर्शन करने से पहले उनसे क्षमा मांगेंगे और प्रार्थना करेंगे कि 1990 में रामभक्तों को गोलियों से भूनना भारी गलती थी? राम जी तो सबके हैं अतः वे उन्हें क्षमा भी कर देंगेे। इसलिए पूर्व मुख्यमन्त्री अखिलेश अयोध्या जायें और जरूर जायें मगर अपनी गलतियों की माफी मांग कर।
भाजपा घोषित रूप से हिन्दुत्व की समर्थक है अतः अखिलेश बाबू इस मोर्चे पर उससे बाजी नहीं जीत सकते। यही वजह है कि दिवाली में ईद को लाने पर भाजपा नेता कांग्रेस नेताओं की कड़ी निन्दा कर रहे हैं लेकिन इस पार्टी में ‘हीरों’ की कमी नहीं है। दिवाली-ईद विवाद पर कांग्रेसी नेता राशिद अल्वी ने तीर छोड़ दिया कि दीपावली खुशियों की ईद जरूर है मगर प्रदूषण को बढ़ाती है।
कल को अगर भाजपा उनसे पूछ बैठे कि बकरीद के बारे में उनका क्या विचार है जिस दिन लाखों जानवरों को जिबह कर दिया जाता है? नाहक ही अल्वी साहब बीच में कूदकर बात को और बिगाड़ देते हैं। दीपावली हर हिन्दुस्तानी का त्यौहार है क्योंकि हिन्दू-मुसलमान सभी इसकी खुशियों में रंगे रहते हैं। मुस्लिम फनकारों व कारीगरों को दीपावली पर्व का बेसब्री से इन्तजार रहता है। दीपावली बस दीपावली ही होती है।


Download Android App
Download iOS App




