70 पार के भाग्यशाली लोग

Summary :

जीवन के 70 वर्ष पूरे करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। यह उम्र केवल बीते हुए समय का हिसाब नहीं, बल्कि अनुभवों, संघर्षों, सीख और उपलब्धियों की अनमोल पूंजी है। इसलिए उम्र बढऩे का अफसोस करने के बजाय इस पड़ाव का जश्न मनाना चाहिए। आखिर हर किसी को जीवन के सात दशक देखने का अवसर नहीं मिलता। सत्तर वर्ष की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते इंसान जीवन के कई उतार-चढ़ाव देख चुका होता है। मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने से लेकर परिवार की जिम्मेदारियां निभाने तक, हर अनुभव ने उसे कुछ न कुछ सिखाया होता है। यह ज्ञान किसी किताब या…

जीवन के 70 वर्ष पूरे करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। यह उम्र केवल बीते हुए समय का हिसाब नहीं, बल्कि अनुभवों, संघर्षों, सीख और उपलब्धियों की अनमोल पूंजी है। इसलिए उम्र बढऩे का अफसोस करने के बजाय इस पड़ाव का जश्न मनाना चाहिए। आखिर हर किसी को जीवन के सात दशक देखने का अवसर नहीं मिलता। सत्तर वर्ष की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते इंसान जीवन के कई उतार-चढ़ाव देख चुका होता है।

मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने से लेकर परिवार की जिम्मेदारियां निभाने तक, हर अनुभव ने उसे कुछ न कुछ सिखाया होता है। यह ज्ञान किसी किताब या शिक्षण संस्थान में नहीं मिलता। यही अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का काम कर सकता है। कामकाजी जीवन में अक्सर परिवार, नौकरी और जिम्मेदारियों के बीच पुराने दोस्तों और रिश्तेदारों से मिलने का समय नहीं मिल पाता। लेकिन रिटायरमेंट के बाद समय की कमी नहीं रहती। ऐसे में पुराने मित्रों से मिलें, रिश्तेदारों के घर जाएं और सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लें।

आमने-सामने बैठकर बातचीत करने का आनंद डिजिटल मुलाकातों से अलग होता है। आज की युवा पीढ़ी तकनीक में आगे है, लेकिन रोजमर्रा की कई समस्याओं का व्यावहारिक समाधान बुजुर्गों के पास होता है। घर संभालने से लेकर संसाधनों का सही इस्तेमाल करने तक, उनके अनुभव बहुत काम आ सकते हैं। बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि जीवन की सक्रियता समाप्त हो गई। योग, सैर, पढऩा, लिखना, समाजसेवा और नई चीजें सीखना जारी रखें।

याद रखिए, 70 पार करना जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नया अध्याय है। अपने अनुभवों पर गर्व करें, वर्तमान का आनंद लें और आने वाले कल के प्रति उत्सुक रहें। जिंदगी में सीखने और मुस्कुराने की कोई उम्र नहीं होती।

Vijay Maru