सांसों पर संकट न बने प्रदूषण

Summary :

प्रदूषण अब केवल पर्यावरण की समस्या नहीं, बल्कि लोगों की सेहत के लिए भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। खासकर बुजुर्गों के लिए जहरीली हवा में सांस लेना कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं को बढ़ा सकता है। उम्र के साथ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता और फेफड़ों की कार्यक्षमता में बदलाव आने लगता है। ऐसे में प्रदूषित हवा का असर फेफड़ों और दिल की सेहत पर अधिक पड़ सकता है। अस्थमा, डायबिटीज, हृदय रोग और सांस संबंधी परेशानियों से जूझ रहे वरिष्ठ नागरिकों को इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लगातार प्रदूषण के संपर्क में रहने…

प्रदूषण अब केवल पर्यावरण की समस्या नहीं, बल्कि लोगों की सेहत के लिए भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। खासकर बुजुर्गों के लिए जहरीली हवा में सांस लेना कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं को बढ़ा सकता है। उम्र के साथ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता और फेफड़ों की कार्यक्षमता में बदलाव आने लगता है। ऐसे में प्रदूषित हवा का असर फेफड़ों और दिल की सेहत पर अधिक पड़ सकता है।

अस्थमा, डायबिटीज, हृदय रोग और सांस संबंधी परेशानियों से जूझ रहे वरिष्ठ नागरिकों को इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। लगातार प्रदूषण के संपर्क में रहने से खांसी, सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और थकान जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

अक्सर बुजुर्ग सुबह की सैर को अपनी दिनचर्या का जरूरी हिस्सा मानते हैं, लेकिन प्रदूषण बढऩे पर यही आदत परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए सेहत को ध्यान में रखते हुए अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव करना जरूरी है। बाहर निकलने से पहले अपने क्षेत्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक जरूर जांचें। प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर पार्क या सड़क पर टहलने के बजाय घर के अंदर हल्की एक्सरसाइज करें। जरूरी काम से बाहर जाना पड़े तो अच्छी फिटिंग वाला हृ95 मास्क पहनें।

यह हवा में मौजूद बारीक प्रदूषण कणों के संपर्क को कम करने में मदद करता है। प्रदूषण केवल बाहर ही नहीं, घर के अंदर भी पहुंच सकता है। इसलिए अधिक प्रदूषण के समय खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें। धूम्रपान, अगरबत्ती और धुआं पैदा करने वाली चीजों से दूरी बनाएं। घर में सफाई करते समय धूल उडऩे से बचें। जरूरत के अनुसार एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इसके अलावा घर में हवा की उचित आवाजाही का ध्यान रखना भी जरूरी है।

इस दौरान खानपान पर ध्यान देना भी जरूरी है। मौसमी फल, हरी सब्जियां, दालें और पौष्टिक भोजन अपनी डाइट में शामिल करें। पर्याप्त पानी पीते रहें। संतुलित आहार शरीर को जरूरी पोषण देने में मदद करता है। हालांकि केवल खानपान से प्रदूषण के नुकसान से बचाव संभव नहीं है, इसलिए दूसरी सावधानियां भी जरूरी हैं। पहले से किसी बीमारी से परेशान बुजुर्ग डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं लेते रहें। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाओं में बदलाव न करें। लगातार खांसी, सांस फूलने या सीने में दर्द जैसी परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।

बढ़ते प्रदूषण के बीच बुजुर्गों की सेहत की जिम्मेदारी परिवार की भी है। परिवार के सदस्य उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच, दवाओं और दिनचर्या पर ध्यान दें। प्रदूषण के दिनों में उन्हें अनावश्यक रूप से बाहर जाने से रोकें। थोड़ी-सी सावधानी और जागरूकता बुजुर्गों को स्वस्थ और सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभा सकती है। आखिर उम्र के इस पड़ाव पर अच्छी सेहत ही सबसे बड़ी पूंजी है।

Kiran Chopra