प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को परीक्षा प्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयक के बारे में जानकारी दी। PM मोदी ने कहा है कि संसद ने एक ऐसा बिल पास किया है जो देश की परीक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पेपर लीक कराने वाले गिरोह और पेपर माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली के लिए लगातार हो रहे प्रयास
वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार लंबे समय से एक विश्वस्त और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इसके लिए कई स्तरों पर सुधार किए गए हैं और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
पीएम मोदी ने कहा, “विश्वस्त परीक्षा पद्धति के लिए हम लगातार एक के बाद एक कदम उठा रहे हैं। टास्क फोर्स का गठन हो, फास्ट ट्रैक व्यवस्था बनाई जाए या राज्यों के सुझावों को ध्यान में लेना हो, सरकार हर स्तर पर सुधार की दिशा में काम कर रही है।”
Parliament passes a Bill that makes our examination system more robust! pic.twitter.com/OEvLKXoUaf
— Narendra Modi (@narendramodi) July 30, 2026
पेपर लीक की समस्या से वर्षों से जूझ रहा देश
प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक की समस्या कोई नई नहीं है। पिछले कई दशकों से केंद्र और राज्य सरकारें इस चुनौती का सामना कर रही हैं। इसका सबसे बड़ा नुकसान उन छात्रों को होता है जो मेहनत और ईमानदारी से परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं के कारण बच्चों के भविष्य पर संकट खड़ा होता है और इसी वजह से पूरे देश में शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार आवश्यक हो गया था।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए टेक्नोलॉजी पर जोर
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि बदलते समय के साथ परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी के उपयोग से पारदर्शिता बढ़ेगी और अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोग से ऐसी व्यवस्था तैयार की जा रही है जिससे परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।
पेपर माफिया को नहीं मिलेगी कोई राहत
प्रधानमंत्री मोदी ने पेपर लीक कराने वाले गिरोहों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे लोग देश के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होना जरूरी है।
उन्होंने कहा, “पेपर माफिया और पेपर लीक करने वाले गैंग, जो देश के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं, उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।”
संसद से पास हुआ कठोर प्रावधानों वाला बिल
पीएम मोदी ने बताया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कठोर कानून की आवश्यकता थी। इसी उद्देश्य से सरकार संसद में विधेयक लेकर आई थी।
उन्होंने कहा, “जैसा मैंने आपसे वादा किया था, आज संसद के दोनों सदनों ने कठोर प्रावधानों वाले इस बिल को पारित कर दिया है। विश्वस्त परीक्षा पद्धति की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण काम पूरा हुआ है और आगे भी काम लगातार चलता रहेगा।”
विकसित भारत के सपने को पूरा करने की अपील
अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसी परिस्थितियों को लंबे समय तक जारी नहीं रहने देगी। उन्होंने देशवासियों से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए मिलकर आगे बढ़ने की अपील की।
पीएम मोदी ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है और एक निष्पक्ष, पारदर्शी तथा विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



Download Android App
Download iOS App



