करनाल: करनाल के सांसद अश्विनी चोपड़ा के प्रयासों से हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ (22) के करीब 1200 अतिथि अध्यापकों को हरियाणा सरकार ने तदर्थ आधार पर नियुक्ति दे दी है। इसके लिए बकायदा हरियाणा सरकार ने फरमान भी जारी कर दिया है। मौलिक शिक्षा के निदेशक ने बीते वीरवार को जिला के सभी मौलिक शिक्षा अधिकारियों को फरमान जारी किया है कि सरप्लस अतिथि अध्यापकों को तदर्थ आधार पर सरकार ने नियुक्ति देने का निर्णय लिया है अत: इन्हे जल्द ज्वाइन कराया जाए। काबिलेगौर है कि बीती 3 दिसंबर को हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ का प्रतिनिधमंडल रविवार को सांसद अश्वनी चोपड़ा से उनके निवास पर मिला था। ज्ञापन सौंप कर सभी अतिथि अध्यापकों को नियमित करने की मांग को जोरशोर से उठाया था। सांसद अश्विनी चोपड़ा ने अध्यापकों को आश्वासन दिया कि वह संसद के शीतकालीन सत्र में अतिथि अध्यापकों की आवाज को उठाएंगे।
देशभर में कई जगह गेस्ट टीचर लगाए गए हैं। यह मामला संसद में उठाया जाएगा। सांसद ने कहा कि वह मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से भी इस मामले को लेकर बातचीत करेंगे। अतिथि अध्यापक पिछले कई दिनों से सीएम सिटी में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र शास्त्री ने सांसद को बताया था कि गेस्ट टीचर लगातार 12 साल से मानसिक परेशानी को झेल रहे है। सरकार आने पर पहली कलम से नियमित करने का वायदा करने वाली भाजपा सरकार आज गेस्ट टीचरों को घर बैठाने पर तुली हुई है। नियमित करना तो दूर हमारे कुछ जेबीटी साथियों को सरप्लस के नाम से घर बैठा दिया है।
सरकार की इस मंशा को अब सहन नहीं किया जाएगा। संघ की मुख्य मांगों में सरकार हटाए गए जेबीटी सहित सभी गेस्ट टीचरों को तुरन्त प्रभाव से समायोजित करने के आदेश जारी करे। नियमित नियुक्ति के आदेश जारी नहीं होने तक सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए समान काम समान वेतन लागू करे तथा जल्द से जल्द गेस्ट टीचरों को रेगुलर करने के आदेश जारी कर रेगुलर करने के अपने वायदे को पूरा करने का काम करे। इसके बाद सांसद ने उन्हे आश्वासन दिया था कि वह सोमवार को ही प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा से बात भी करेंगे। सांसद ने यह भी कहा था कि उनके दरवाजे हमेशा उनके लिए खुले हैं। आज संध के जिलाध्यक्ष राजकुमार ने पंजाब केसरी को बताया कि सरकार ने नियुक्ति के आदेश दे दिए हैं। वह सांसद का धन्यवाद करते है जल्दी ही वह सांसद से मिलकर उनका आभार भी प्रकट करेंगे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।
– हरीश चावला


Download Android App
Download iOS App



