भाजपा सरकार की गलत नीतियों पर बरसे अभय चौटाला

Summary :

गीतोपदेश स्थली से हुंकार भरते हुए नेता विपक्ष अभय चौटाला ने भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों की पोल खोलकर जन अधिकार यात्रा की शुरुआत की।

कुरुक्षेत्र : भगवान कृष्ण की गीतोपदेश स्थली से हुंकार भरते हुए नेता विपक्ष अभय चौटाला ने भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों की पोल खोलकर जन अधिकार यात्रा की शुरुआत की। अभय चौटाला ने कहा कि इस यात्रा का पहिया तब तक नहीं रुकेगा जब तक प्रदेश की जनता को न्याय नहीं मिल जाता। उन्होंने याद दिलाया कि 1985 में भी कांग्रेस सरकार ने पंजाब की समस्याओं के समाधान के लिए हरियाणा के हकों की बलि दी थी। एसवाईएल मुद्दे पर भाजपा सरकार भी हरियाणा के लिए वही काम कर रही है।

तब चौधरी देवीलाल ने जींद की धरती से न्याययुद्ध की शुरुआत की थी। और सरकार की दमनकारी नीतियों का विरोध किया था। इनेलो सुप्रीमो चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को षड्यंत्र के तहत जेल भेजा गया उसके बाद पार्टी ने भी जींद से ही दूसरे न्याययुद्ध की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि एसवाईएल निर्माण की लड़ाई इनेलो छह चरणों में लड़ चुकी है और इस जन अधिकार यात्रा के माध्यम से एसवाईएल, दादूपुर-नलवी के संघर्ष को जारी रखेगी।

पार्टी में से कुछ लोगों के निष्कासन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे लोग आखिरी समय में धोखा देते हैं, अच्छा हुआ वो पहले ही चले गए। नेता विपक्ष ने यह भी कहा कि उनकी यात्रा तब तक जारी रहेगी जब तक सरकारी नौकरियों में युवाओं के साथ भेदभाव खत्म नहीं हो जाता और सरकार किसान, कर्मचारी और व्यापारियों का शोषण करना बंद नहीं करती।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के हितों की अनदेखी पिछले 15 सालों से हो रही है। उन्होंने दोहराया कि इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनने पर हर छोटे दुकानदार, कमेरे और किसान का कर्ज पूर्ण रूप से माफ कर दिया जाएगा, चाहे वो दस हजार रुपए का हो या दस लाख का। उन्होंने इनेलो सुप्रीमो का वह वादा भी दोहराया जिसमें उन्होंने बुजुर्गों को मान व सम्मान के तौर पर तीन हजार रुपए महीना पेंशन, गरीब बेटियों की शादी में पांच लाख रुपए कन्यादान, हर परिवर में एक युवा को सरकारी नौकरी और बेरोजगारों को 15 हजार रुपए प्रतिमाह भत्ता देने का वादा किया है।

इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि इनेलो एकजुट है लेकिन हमारी पार्टी में भी कुछ ऐसे लोग पैदा हो गए थे जिनको पद की इच्छा थी। उन्होंने केवलमात्र पद के लिए चौधरी ओमप्रकाश चौटाला की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया। इस दौरान बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती ने कहा कि इनेलो-बसपा का गठबंधन चट्टान की तरह मजबूत है और आगामी लोकसभा चुनाव में दसों सीटें जीतकर बहन मायावती जी को देश का प्रधानमंत्री बनाने का काम करेंगे और विधानसभा की 90 सीटें जीतकर चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विरोधी इस गठबंधन से भयभीत हैं लेकिन गठबंधन के खिलाफ उनकी हर साजिश नाकाम रहेगी।

Desk Team