जींद : इनेलो सुप्रीमों एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता उनको जो सूची सौंपेंगे, उसी में से ही विधानसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशी बनाया जाएगा। किसी हल्के में कोई भी नेता थोपा नहीं जाएगा। इनेलो की हमेशा से ही यह सोच रही है कि सरकार लोगों के लिए ही होती है। इसी सोच के चलते ही जब 15 साल पहले पार्टी सत्ता में थी तो सरकार लोगों के द्वार पहुंचती थी।
2019 के विधानसभा चुनाव के बाद ज्यों ही इनेलो सत्ता में आयेगी, त्यों ही यह तय किया जाएगा कि लोगों को अपने समस्याओं के समाधान के लिए चंडीगढ़ और दिल्ली के चक्कर ना काटने पड़े। पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला गुरूवार को सफीदों रोड़ स्थित पंजाबी धर्मशाला में इनेलो की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर इनेलो के जिला प्रधान रामफल कुंडू,सुरेंद्र छिक्कारा, भूपेंद्र जुलानी, सुमित्रा देवी, अनुराग खटकड़, लखविंद्र चहल, लाला भगवान दास, शहरी अध्यक्ष रामफल मंगला सहित दर्जनों नेता मौजूद थे। बैठक में चौटाला ने जहां पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकत्र्ताओं से आह्वान किया, वहीं पार्टी को तोडऩे की कुचेष्ठा करने वाले लोगों का नाम लिये बगैर कहा कि दगाबाजो और धोखेबाजों को वे कभी माफ नहीं करेंगे। जिन लोगों ने अपने स्वार्थ के कारण पार्टी को छोड़ा है, उनकी इनेलो में कोई जगह नहीं हैं।
चौटाला ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान मैं, लोगों के बीच रहूंगा। भले ही वे आज 85 साल के हो गए हो, किंतु इतना तय है कि वे 100 साल तक लोगों की सेवा के लिए मैदान में बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि इनेलो 15 वर्ष का बनवास काट चुकी हैं। भविष्य में अब उसकी सरकार बनना तय हैं। रही बात 3206 पढ़े-लिखे युवाओं की जिन्हें नौकरी देने के कारण वे सजा काट रहे हैं।
सत्ता में आने पर पढ़े-लिखे युवाओं को नौकरी देने का सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने जींद को इनेलो का गढ़ बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र में मेहनत करके संगठन को फिर से मजबूती देने की जरूरत है। इसलिए कार्यकत्र्ता, निराश, हताश न होकर संगठन को मजबूती देने का लक्ष्य साधे।


Download Android App
Download iOS App



