हरियाणा के अंबाला जिले के धनेओरा गांव में 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिरे 4 साल के मासूम निर्वैर सिंह को बुधवार सुबह 21 घंटे लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर तो निकाल लिया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। NDRF, SDRF और सेना की टीमों ने पूरी रात जी-जान लगाकर सुबह करीब 3:40 बजे बच्चे को बाहर निकाला और तुरंत एम्बुलेंस से अंबाला छावनी के सिविल अस्पताल भेजा।
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, जब बच्चे को इमरजेंसी वार्ड में लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस दुखद खबर से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
दादा को खाना देने खेत गया था मासूम

यह पूरी घटना मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे की है। मासूम निर्वैर अपने पिता मंजीत के साथ खेत में काम कर रहे दादा करनैल सिंह को सुबह का खाना देने की जिद करके आया था। खेत पहुंचने के बाद जब दादा खाना खाने लगे और पिता काम में व्यस्त हो गए, तब निर्वैर खेलते-खेलते थोड़ी दूर चला गया। वहाँ एक खुला हुआ बोरवेल था, जिसमें वह मिट्टी फेंकने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब वह बोरवेल के अंदर देखने के लिए थोड़ा झुका, तो किनारे की गीली मिट्टी धंस गई और वह सीधे 220 फीट गहरे और महज 9 इंच चौड़े गड्ढे में समा गया।
21 घंटे चला खौफनाक रेस्क्यू ऑपरेशन

जोर की आवाज सुनकर पिता मंजीत बोरवेल की तरफ दौड़े और बच्चे को पुकारा। ग्रामीणों ने पहले खुद कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर सुबह 7:30 बजे प्रशासन को अलर्ट किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी कमिश्नर अजय सिंह तोमर और कैबिनेट मंत्री अनिल विज मौके पर पहुंचे। सेना और रेस्क्यू टीमों ने समानांतर गड्ढा खोदकर बच्चे तक पहुंचने की कोशिश की। करीब 21 घंटे तक सांसें थाम देने वाला ऑपरेशन चला, लेकिन जब निर्वैर को निकाला गया, तो काफी देर हो चुकी थी।
प्रशासन की सख्त अपील

प्रशासन ने अब इस लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। डिप्टी कमिश्नर ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि बोरवेल खुला छोड़ने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने किसानों से भावुक अपील करते हुए कहा कि ऐसी जानलेवा लापरवाही न बरतें।
गौरतलब है कि पिछले महीने ही पंजाब के होशियारपुर में भी ऐसा ही एक हादसा हुआ था, जहाँ एक बच्चा 30 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। हालांकि, वहां 9 घंटे के रेस्क्यू के बाद बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया था।
यह भी पढ़ें – Breaking News: 220 फुट गहरे बोरवेल में गिरा 4 साल का मासूम, गांव में मची अफरा-तफरी


Download Android App
Download iOS App




