सोनीपत : हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ साइकिल यात्रा वीरवार को सोनीपत जिले की गोहाना, बरोदा और खरखौदा हल्कों से गुजरी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डा. अशोक तंवर का शहर व देहात में लोगों ने जोरदार स्वागत किया और भाजपा-इनेलो के खिलाफ कांग्रेस की यात्रा को जनआंदोलन में बदलने का भरोसा दिया। सोनीपत जिले में चल रही यात्रा के चौथे चरण का समापन शुक्रवार को सोनीपत में नई अनाज मण्डी में आयोजित होने वाली हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ व राफेल पोल-खोल रैली के साथ होगा। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने यात्रा के तीसरे दिन वीरवार को राफेल डील पर देश को अंधेरे में रख कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अनिल अंबानी का फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया साथ ही सोनीपत जिला के साथ सौतेला बर्ताव करने पर हरियाणा की खट्टर सरकार को भी आड़े हाथों लिया।
उन्होंने कहा कि खट्टर सरकार ने पिछले चार साल में खरखौदा में बड़े उद्योग लगवाने, यूपीए के समय गोहाना के लिए मंजूर रेल कोच फैक्ट्री को केवल कागजों में अटकाने तथा बरोदा हलके के देहात में बिजली व पीने के पानी की किल्लत, नहरी पानी में भेदभाव तथा इलाके में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भी बीजेपी सरकार पर हमला जारी रखा। दर्जनों परिवार कांग्रेस में शामिल, बनवासा में फलों से तुले अशोक तंवर साइकिल यात्रा के तीसरे दिन डा. अशोक तंवर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साइकिल पर तीन विधानसभा क्षेत्रों में 90 किलोमीटर से अधिक सफर तय किया। गांव मोहम्मदपुर, बिचपड़ी, बुटाना, खेड़ी-खेड़ा, कोहला, गडवाल आदि में ग्रामीणों ने डा. अशोक तंवर को फूल मालाओं व पगड़ी बांध कर स्वागत किया। गांव बनवासा में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष को फलों से तोला गया। वहीं बरोदा में साइकिल कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित दोपहर के भोज के दौरान अनेक परिवार इनेलो छोडकर कांग्रेस में शामिल हो गए।
तंवर की साइकिल यात्रा बनी ‘राफेल पोल खोल यात्रा’
साइकिल व गाडिय़ों में सवार कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कई किलोमीटर लंबा काफिला कहल्पा, बंधेरी, आहुलाना, ठसका, माहरा, रबड़ा, भैंसवाल, फरमाना, सिलाना, सिसाना होते हुए रात्रि ठहराव के लिए खरखौदा पहुंचा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजबीर दहिया, एडवोकेट संदीप कुहाड़, हरि ओम कौशिक,आनंद छिकारा, प्रो. वीरेंद्र सांगवान, पवन खरखौदा, एआईसीसी सदस्य राजकुमार कटारिया, सुनील खेड़ी राई, संजय अंतिल, मानवेन्द्र चौहान एडवोकेट, सीमा शर्मा, मोनिका मलिक, राजेश कालीरमण आदि उपस्थित रहे।


Download Android App
Download iOS App



