चंडीगढ़ : चंडीगढ़ स्थित जननायक जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में जेजेपी के वरिष्ठ नेता दुष्यंत चौटाला ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिले के जिला स्तरीय पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान दुष्यंत चौटाला ने कार्यकर्ताओं को पार्टी को और मजबूत करने के दिशा-निर्देश देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर अभी से ही जुट जाने को कहा। साथ ही दुष्यंत चौटाला ने बताया कि 9 जून को रोहतक में जेजेपी की राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के पदाधिकारी आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे।
चंडीगढ़ में हुई बैठक के दौरान दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अगले 100 दिन तक दोगुने जोश के साथ संघर्ष करते हुए सभी कार्यकर्ता जजपा को बूथ स्तर पर पूर्ण रूप से मजबूत करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हार की निराशा से उबरकर आज से ही विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। सभी कार्यकर्ता घर-घर जाएं और लोकसभा चुनावों में साथ देने के लिए हर मतदाता का आभार जताएं, चाहे उन्होंने किसी भी प्रत्याशी को वोट दिया हो। आभार जताने के बाद मतदाता से विधानसभा चुनावों के लिए जेजेपी का साथ देने की अपील करें।
वहीं पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान लोकसभा चुनाव परिणामों पर बोलते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगे कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी का कमजोर चेहरा था जिसके कारण भाजपा को भारी बहुमत मिला। लेकिन प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में ऐसा नहीं होगा क्योंकि यहां जनता प्रत्याशियों के चेहरे देखेंगी। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि लोकसभा का चुनाव विधानसभा चुनावों से बिल्कुल अलग होता है। विधानसभा चुनावों में मतदाता प्रत्याशी एवं प्रदेश हित की बात सोचता है।
(आहूजा)


Download Android App
Download iOS App



