करनाल : कुछ लोगों ने एक बीस साल के युवक पर चाकु, डंडों और बिंडों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हमले की यह घटना बीती 22 मार्च की है। गंभीर रूप से घायल हुए युवक शिवा को करनाल के सरकारी अस्पताल में लाया गया था, जहां से उसे निजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। उपचार के दौरान आज शिवा ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों ने वहां जमकर बवाल मचाया परिजनों ने साफ-साफ कहा कि जब तक शिवा के हत्यारे नहीं पकड़े जाते तब तक वह शव को नहीं उठाएंगे।
उन्होंने जीटी रोड पर जाम लगाने की धमकी भी दी। मौके पर डी.एस.पी. समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे। जो परिजनों को समझाने में जुटे थे। परिजनों ने बताया कि असंध का रहने वाला शिवा बस स्टैंड पर घूमने गया था। अचानक कुछ लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों के हाथ में चाकू, डंडे और बिंडे थे। परिजनों ने यह भी बताया कि कुछ लोग घटना से कुछ दिन पहले घर में आए थे और शिवा को मार देने की धमकी भी दी थी। इसके बाद हमलावरों ने बस स्टैंड के पास उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
परिजनों ने बताया कि शिवा के पिता विकलांग है और शिवा अपनी पांच बहनों का इकलौता भाई था। वह घर का एकमात्र सहारा था, जिसे हत्यारों ने छीन लिया। परिजनों ने यह भी बताया कि शिवा पर हमला इस कदर किया गया था कि उसकी दोनों टांगें भी टूट गई थी और उस पर कई जगह पंच से हमला किया गया था। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को की थी लेकिन पुलिस बयान लेने के लिए नहीं आई और न ही उनकी कोई सुनवाई की गई।
उन्होंने पुलिस को हमलावरों के नाम भी बताए थे लेकिन पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ भी कोई कार्यवाही नहीं की। पिछले छह दिनों से शिवा गंभीर हालत में था। आज उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इधर, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों का कहना था कि वह मामले की जांच कर रहे हैं। इस हत्या में जो भी जिम्मेदार होगा, उसे हर हाल में सजा मिलेगी। फिलहाल परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक शिवा के कातिलों को पुलिस पकड़ नहीं लेती, तब तक वह शव को नहीं उठाएंगे और न ही उसका अंतिम संस्कार करेंगे। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के अंदर पुलिस ने कातिलों को नहीं पकड़ा तो वह शव को सडक़ पर रखकर जाम लगाएंगे।
– हरीश चावला


Download Android App
Download iOS App



