बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के 2 आरोपी एनकाउंटर में ढेर, इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर हुआ था विवाद

Summary :

हरियाणा के करनाल में बीरू वाल्मीकि मर्डर के 27 घंटे बाद पुलिस ने आरोपियों को गुरुवार रात 12 बजे मुठभेड़ में मार गिराया।

हरियाणा के करनाल में बीरू वाल्मीकि मर्डर के 27 घंटे बाद पुलिस ने आरोपियों को गुरुवार रात 12 बजे मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों और पुलिस के बीच करीब 25 राउंड फायरिंग हुई। बीरु की मौत के बाद परिजनों और वाल्मीकि समाज के लोगों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग करते हुए दिन भर हंगामा किया था।

दिनेश भाऊ ने ली हत्या की जिम्मेदारी

पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरामा योगहीपुर नहर के पास आधी रात को मुठभेड़ में मार गिराया। मृतकों बदमाशों की पहचान नीलोखेड़ी के हर्ष (24) और कैथल के पहरणा खेड़ी के गौरब्ल (29) के रूप में हुई है। इस वारदात की जिम्मेदारी सोशल मीडिया के जरिए दिनेश भाऊ ने ली थी।

परिवार ने शव लेने से किया इनकार

बीरु की करीब 6-7 महीने पहले ही शादी हुई थी। गुरुवार को बीरु की पत्नी हाथों में मेहंदी लगाए और हाथों में चूड़ा पहने ही धरने पर बैठी थी। बीरु के परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया था। उनका कहना था कि जब तक आरोपियों को एनकाउंटर नहीं हो जाता, तब तक शव नहीं लेंगे। एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने परिवार से कार्रवाई के लिए 10 घंटे का समय मांगा था और गुरुवार रात को ही 2 आरोपियों को एनकाउंटर में मार गिराया।

इन दोनों बदमाशों ने ही बीरु को मारी थी गोली

पुलिस ने दावा किया है कि मारे गए दोनों बदमाशों ने ही बीरु को गोली मारी थी। बताया जा रहा है कि ये दोनों भाड़े के हत्यारे हैं, पुलिस इनकी कुंडली खंगाली जा रही है। CCTV फुटेज से पुलिस ने इनकी पहचान कर तलाश शुरू की थी। इनकी तलाशी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया था, इसके अलावा चार अन्य टीमें बाहरी इलाके में चेकिंग के लिए लगाई गई थी।

बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़

गुरुवार रात को पुलिस को सूचना मिली कि घोघड़ीपुर में संदिग्ध युवक घूम रहे हैं। पुलिस की एक टीम वहां पहले से ही मौजूद थी। दोनों संदिग्ध युवक बाइक से जा रहे थे, तभी CIA की टीम ने उन्हें रोकना का इशारा किया। बाइक सवारों ने रुकने के बजाय बाइक को और तेजी से दौड़ा दी। पुलिस जब उनके पीछे भागी, तो दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाही में गोली चलाई, इसमें एक बदमाश के पैर पर और दूसरे के कमर पर गोली लगी। दोनों को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

क्यों की गई बीरु की हत्या?

बीरु चार बहनों का इकलौता भाई था। 5 की रात को वह अपनी बहन के घर जा रहा था। करीब 8 से 9 बजे के बीच करनाल के हांसी रोड स्थित शराब के ठेके के पास घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने बीरु के सिर पर गोली मार दी। इसके बाद से वाल्मीकि समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला।
बताया जा रहा है कि यह विवाद पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। इंस्टाग्राम की पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि हत्या को अंजाम दे दिया गया।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।