रोहतक : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि पार्टी की महिला कार्यकर्ता भी अपने कार्य के बलबूते पर संगठन में बड़े से बड़ा स्थान प्राप्त कर सकती है। श्री बराला आज गजानिया बैंक्वेट हॉल में भाजपा प्रदेश कार्य समिति महिला मोर्चा की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्य करने की असीम संभावनाएं है और पार्टी कार्यकर्ताओं को कार्य करने के एक नहीं बल्कि अनेक अवसर मिलते है।
इस संबंध में उन्होंने दिवंगत सुषमा स्वराज का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी में कार्य करने के अवसरों का सदुपयोग किया और देश में ही नहीं विदेशों में भी उनके कार्य की चर्चा होती है। अनेक उपलब्धियां उनके नाम से जुड़ी हुई है। विपक्षी दलों के नेताओं ने भी सुषमा स्वराज की क्षमता व उनके नेतृत्व का लोहा माना है। उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि उन्हें दिवंगत सुषमा स्वराज के दिखाये हुए रास्ते पर चलना चाहिए।
सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा एक ऐसा राजनैतिक संगठन है जो कभी भी हवा में नहीं रहता बल्कि धरातल पर रहकर कार्य किये जाते है। उन्होंने कहा कि जिन पद्धतियों का प्रयोग करके भाजपा यहां तक पहुंची है वे पद्घतियां सबसे अलग है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर से लेकर पन्ना स्तर तक पहुंच चुका है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें तीज त्यौहारों के मौके पर छोटे-छोटे कार्यक्रम करके आम जनता से जुड़ाव करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ता प्रयास करें कि सदस्यता अभियान के तहत उनके साथ अधिक से अधिक लोग जुड़े। जिन क्षेत्रों मेंं छावनी है वहां पर सैनिकों के साथ कार्यक्रम आयोजित करें।
उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं द्वारा राखी बांधने और प्रदेशभर की महिला कार्यकर्ताओं द्वारा एक कलश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल को राखी भेजने के निर्णय का स्वागत किया। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रशिम सूध ने ट्रिपल तलाक व अनुच्छेद 370 समाप्त करने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष निर्मला बैरागी ने कहा कि मोर्चा में जिन भी महिलाओं को पद मिले है वे पद नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी पार्टी द्वारा दी गई है।
उन्होंने कहा कि माहौल भाजपा के पक्ष में लेकिन चुनाव को चुनाव समझना जरूरी है। उन्होंने चुनाव में महिला कार्यकर्ताओं से पूरी मेहनत से कार्य करने की भी अपील की। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी कविता चौधरी, प्रदेश महामंत्री सुनीता दांगी, प्रदेश मीडिया प्रभारी एडवोकेट चेतना अरोड़ा, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष कुसुम राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल, जिला मीडिया प्रभारी शमशेर खरक, ऊषा प्रियदर्शनी सहित सभी जिलों की महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष मौजूद थी।


Download Android App
Download iOS App



