बहादुरगढ़ : तुमने मेरे से पहले वाली सरकार देख ली, मेरी सरकार देख ली अब साढ़े 3 साल से भाजपा सरकार को देख रहे हो। तीनों सरकारों के काम-काज को तौल लो। यदि आपको लगता है कि मेरी सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, समाज का हर वर्ग खुशहाल और खुश था, तो मेरे साथ खड़े हो जाओ वहीं पुराने दिन फिर ला दूंगा। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शहर की सब्जी मंडी में पूर्व विधायक राजेंद्र जून की अध्यक्षता में आयोजित हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में लोगों से सीधा संवाद करते हुए कही। उन्होंने कहा कि वह किसी के सामने डर कर झुकने वाले नहीं है।
उनका रथ चलेगा और पूरे हरियाणा में भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाएगा। सम्मेलन में पहुंचे मुख्य अतिथि पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया व 25 फरवरी से शुरू हो रही रथ यात्रा को लेकर स्मृति चिहन स्वरूप रथ भेंट किया। हुड्डा ने कहा कि मैंने 10 साल तक हरियाणा को आगे बढ़ाया और भाईचारे की नींव पर एक के बाद एक विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए। लेकिन दु:ख की बात यह है कि जब से हरियाणा में भाजपा की सरकार आयी है उसने विकास और जनहित के मसलों को नजर अंदाज कर पूरे प्रदेश को हिंसा की आग में झोंकने का नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। भाजपा की असलियत हरियाणा की जनता बहुत करीब से देख चुकी है।
लोगों से किए अपने ही वादों से मुकरने के अलावा इन्होंने भाईचारा तोडऩे और लोगों को बांटने का काम किया है। भाजपा सरकार ने 3 साल में 3 बार हरियाणा जलाने काम किया है, प्रदेश में 3 बार गोली चली, 3 बार सेना बुलानी पड़ी और 75 लोगों की जानें गई। प्रदेश के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। हुड्डा ने कहा कि जहां कांग्रेस शासनकाल के दौरान प्रदेश विकास के मामले में नंबर वन पर था, वहीं भाजपा के लगभग 4 साल के कार्यकाल में विकास की बजाय अपराध में नंबर वन बन गया है। जो 154 वादे भाजपा ने चुनाव से पहले लोगों से किए थे उनको पूरा करने का दबाब बनाया लेकिन यह सरकार उन में से एक भी अपना वादा पूरा नहीं कर पाई।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– प्रेम शर्मा


Download Android App
Download iOS App



