फतेहाबाद/ टोहाना : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि आगामी खरीफ फसल से पहले डॉ स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार किसानों को उनकी फसल के लागत पर 50 प्रतिशत मुनाफा जोडकऱ न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया जाएगा। मुख्यमंत्री आज शनिवार को टोहाना के शगुन पैलेस में आयोजित जनसंवाद सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने टोहाना विधानसभा क्षेत्र के लिए 120 करोड़ रुपये की राशि से विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की। इससे पूर्व डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने टोहाना में बन रहे खेल स्टेडियम का नामकरण डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी खेल स्टेडियम करने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने फतेहाबाद जिला में आगामी 1 जुलाई से 24 घंटे बिजली आपूर्ति किए जाने की भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश के सभी जिलों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। सीएम ने कहा कि बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार कोयला माईंस के पास स्वयं का एक बिजली संयंत्र स्थापित करेगी ताकि निर्बाध बिजली का उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने जनता को बरगलाने के लिए ना मीटर रहेगा, ना मीटर रीडर रहेगा जैसे झूठे वायदे किए, लेकिन आज मीटर भी है और मीटर रीडर भी है, जबकि ये दल झूठे वायदों के दम पर सत्ता में भी रह चुके हैं। अब यही दल मीटरों को उखाडकऱ जोहड़ में फैंकने जैसी बातें कर रहे हैं। लोगों को इनकी हकीकत को समझना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को कर्मबद्ध ढंग से लागू कर रही है। स्वयं डॉ स्वामीनाथन ने भी माना है कि वर्तमान सरकार उनकी सिफारिशों को लागू कर रही है। इस दिशा में फसल बीमा योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजना को लागू किया गया है। हरियाणा में इस योजना के अंतर्गत किसानों ने अभी तक 209 करोड़ रुपये का प्रीमियम दिया था, जबकि उन्हें 400 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम मिल चुका है। हाल ही में फतेहाबाद जिला के किसानों को 32 हजार प्रति किसान की औसत से 72 करोड़ रुपये का क्लेम मिला है, जबकि पूर्व सरकारों में 5 व 10 रुपये के चैक देकर किसानों का मजाक उड़ाया जाता था।
सीएम ने कहा कि प्रदेश गठन के बाद से 300 टेल ऐसी थी जिन पर कभी पानी ही नहीं पहुंचा था, लेकिन वर्तमान सरकार ने अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल में ऐसी 293 टेलों पर पानी पहुंचाने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल उन पर वोटों की राजनीति करने का आरोप लगाते हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान, स्वच्छता अभियान और लोगों को स्वस्थ रखने के लिए योग को बढ़ावा देने का अभियान सामाजिक सरोकार से जुड़े हुए है, ना की वोट बैंक से। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से हरियाणा का लिंगानुपात 871 से बढकऱ 922 हो गया है और जल्द ही यह 950 तक हो जाएगा।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



