चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सार्वजनिक स्थानों पर नमाज नहीं पढ़े जाने के बयान का विरोध शुरू हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मौजूदगी में पूर्व मंत्री आफताब अहमद और पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने कहा कि पूरे देश में खुले व सार्वजनिक स्थानों पर लगाई जाने वाली शाखाओं को बंद कराने के लिए कांग्रेस जल्द ही अदालत का सहारा लेगी। कुलदीप शर्मा ने कहा कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को भी इस मामले में पार्टी बनाया जाएगा। चंडीगढ़ स्थित हुड्डा के निवास पर आफताब अहमद व कुलदीप शर्मा ने कहा कि भाजपा का मकसद ही देश और प्रदेश में अस्थिरता का माहौल पैदा करना है।
राज्य में पहले ही कई बार फसाद कराए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री का सार्वजनिक स्थानों पर नमाज नहीं पढऩे का बयान मुस्लिम समुदाय की भावनाएं आहत करने वाला है। पूर्व मंत्री आफताब अहमद ने कहा कि गुरुग्राम, फरीदाबाद व सोनीपत ऐसे शहर हैं, जहां लोग रोजगार के लिए दूसरे राज्यों से भी आते हैं। वे अक्सर मस्जिदों और ईदगाह में नमाज पढ़ते हैं। मस्जिदें व वक्फ की संपत्ति कम होने के कारण शुक्रवार को आधे घंटे के लिए सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पढ़ी जाती है।
इसके पीछे किसी का मकसद जमीनों पर कब्जे करने का नहीं होता। उनका कहना है कि बीफ बिरयानी के बाद सीएम का यह दूसरा ऐसा बयान है, जिससे मुस्लिम समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से पूरे देश में सार्वजनिक स्थानों और पार्कों में शाखाएं लगाई जाती हैं। उनके लिए तो कोई अनुमति नहीं ली जाती।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



