दिल्ली के लोगों ने इतिहास रचा था, अब हरियाणा की बारी : केजरीवाल

Summary :

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने खुद इन कार्यकर्ताओं को डोर-टू-डोर कैंपेन के लिए प्रशिक्षित किया।

चंडीगढ़ : हरियाणा में डोर-टू-डोर अभियान के लिए आम आदमी पार्टी का दूसरे चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम दिल्ली में हुआ। इसमें आम आदमी पार्टी में सक्रिय जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हुए करीब 1,100 नये कार्यकर्ताओं को डोर-टू-डोर कैंपेन के लिए प्रशिक्षित किया गया।

पहले चरण के डोर-टू-डोर अभियान के दौरान ये नये साथी आम आदमी पार्टी से जुड़े हैं। ये सभी हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनवाने के संकल्प के साथ सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हुए हैं। इसलिए इन नये सक्रिय कार्यकर्ताओं के लिए ये प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने खुद इन कार्यकर्ताओं को डोर-टू-डोर कैंपेन के लिए प्रशिक्षित किया।

केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के लिए काम करना देशभक्ति है,राष्ट्रभक्ति है। आजादी के 70 साल बाद देश में एक ऐसी पार्टी का जन्म हुआ है जो आजादी के लिए कुर्बानी देने वालों के सपनों को पूरा करने का काम कर रही है। उन्होंने ये भी कहा कि करीब 4 साल पहले दिल्ली के लोगों ने राजनीति बदली थी।

दिल्ली के लोगों ने कांग्रेस और बीजेपी का सफाया करके एक नई पार्टी को 70 में से 67 सीटों पर विजय दिलाई थी। इसके बाद इस नई पार्टी ने दिल्ली में जो ऐतिहासिक काम करके दिखाए उनकी चर्चा देश में ही नहीं, विदेशों में भी है। केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने के लिए दिल्ली में लोग खासकर युवा घर-घर गये थे। ऐसा ही हरियाणा में भी करना है।

दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री और हरियाणा के प्रभारी गोपाल राय ने कहा कि इस आंदोलन की सफलता आपके कंधों पर है। हमें संकल्प लेना होगा कि हमें चुनाव लड़ना है और चुनाव जीतना है। उन्होंने ये भी कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में हर क्षेत्र में और हर बिरादरी में सबसे तेजी से बढऩे वाली पार्टी है।

Desk Team