‘बापू, इस जन्म में नहीं बन सका, अगला जन्म लिया तो फौजी जरूर बनूंगा’………, अपने पिता के लिए भावुक लाइन लिखते हुए 23 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। मामला हरियाणा के भिवानी का है, जहां सेना में भर्ती नहीं होने से हताश युवक फांसी पर झूल गया। बेहद भावात्मक है कि जिस ट्रेक पर सेना की भर्ती के लिए दौड़ता था उसी ट्रेक की रेत पर मृतक ने अपने पिता के लिए एक लाइन का सुसाइड नोट छोड़ा।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को 23 वर्षीय पवन ने गांव तालू में ही खेल के मैदान में फांसी लगाकर जीवन अंत कर लिया। खास बात है कि सेना में भर्ती की इच्छा लिए पवन सालों से इसी मैदान में तैयारी कर रहा था। सुबह जब बच्चे दौड़ने के लिए ट्रैक पर गए तो पेड़ से पवन का शव लटका देख हैरान रह गए। पेड़ के पास ट्रैक पर पवन का लिखा सुसाइड नोट देख परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
पुलिस कार्यवाही के बिना ही अंतिम संस्कार
पवन परिजनों ने कोई कार्यवाही के बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पवन के पिता जसवंत ने बताया कि पवन में देश सेवा के लिए सेना में भर्ती का जुनून था। वह सालों से तैयारी कर रहा था। पर अब भर्ती ना निकलने पर आहत होकर आत्महत्या कर ली। पिता ने अपने बेटी की मौत के लिए सरकार को ज़िम्मेवार बताया है।
घटना पर पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘पवन सेना में शामिल होना चाहता था। वह कोशिशें कर रहा था। वह दौड़ने के लिए दूसरे युवाओं से पहले ही मैदान में पहुंच जाता था। दो-तीन बार उसने फिजिकल फिटनेस एग्जाम भी पास कर लिया था, लेकिन अंत तक नहीं जा पाया। उसे उम्मीद थी कि बचे हुए प्रयासों में अंतिम दौर भी पास कर लेगा, लेकिन कोविड-19 महामारी के चलते भर्ती प्रक्रिया रुकी हुई थी। इसके चलते उसकी उम्र निकल गई।’
जिस मैदान में लिया था ‘राष्ट्रसेवा का संकल्प’ वहीं लिखे अंतिम शब्द “बापू इस जन्म में नहीं बन सका, अगला जन्म लिया तो फौजी जरूर बनूँगा”।
विगत 3 वर्षों से रुकी आर्मी रैली के कारण आयु सीमा से बाहर हो रहे युवाओं को अवसाद तोड़ रहा है।
इन मेहनतकश युवाओं की गुहार, आखिर कब सुनेगी सरकार? pic.twitter.com/HvcbZsRnqM
— Varun Gandhi (@varungandhi80) April 29, 2022
बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने इस घटना को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘विगत तीन वर्षों से रुकी आर्मी रैली के कारण आयु सीमा से बाहर हो रहे युवाओं को अवसाद तोड़ रहा है। इन मेहनतकश युवाओं की गुहार, आखिर कब सुनेगी सरकार?’’


Download Android App
Download iOS App



