कैथल/कलायत: पुलिस प्रशासन की कथित निषक्रियता के चलते पिछले कुछ समय से कलायत कस्बे में कानून व्यवस्था दिनों दिन बिगड़ती ही जा रही है। जिसके परिणाम स्वरूप स्थानीय व्यापारियों तथा आम जनता में जहां असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है वहीं दूसरी तरफ लोगों को स्थानीय पुलिस प्रशासन से विश्वास उठता जा रहा है। आए दिन कलायत में घटित होने वाले अपराधों से अपराधियों के हौंसले बुलंद नजर आ रहे हैं और आम जनता के हौंसले परस्त दिखाई दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन के कुछेक लापरवाह कर्मचारियों की कथित लापरवाही से शहर वासी काफी खिन्न हैं। इसका जीता जागता प्रमाण आज उस समय मिला जब कलायत मंडी के आढ़तियों ने एक पुलिस कर्मी की कार्यप्रणाली से क्षुब्ध होकर कलायत मंडी को बंद करने तक का ऐलान कर दिया। अपराधों की दिनों दिन बढ़ती श्रंखला के चलते कलायत की अनाज मंडी में असामाजिक तत्व लगातार दहशत का माहौल पैदा कर रहे हैं।
शुक्रवार सायं करीब आठ बजे अज्ञात मोटर साइकिल सवारों ने आरएसएस के खंड कार्यवाह के पुत्र विशु को अपना निशाना बनाया। मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने दुकान से अपने घर जा रहे 15 वर्षीय विशु को पकड़ कर उसकी निर्मम पिटाई कर दी। जब तक लोग आते तब तक वे लोग अंधेरे का फायदा उठाते हुए बिना नंबर की मोटर साइकिल पर भाग गए। घटना के बाद अनाज मंडी में एकबार फिर से दहशत का माहौल पैदा हो गया। मौके पर जमा हुए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद मामला बनने के बजाए और बिगड़ गया। राजेश कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंची पीसीआर के इंचार्ज कश्मीर सिंह ने कोई कार्यवाही करने की बजाए व्यापारियों पर अभद्र टिप्पणी करना शुरू कर दी। इस बात पर मंडी के व्यापारी भड़क गए तथा उन्होंने इसके विरोध में मंडी बंद करने का ऐलान कर दिया।
मार्कीट कमेटी के वाइस चेयरमैन राकेश कांसल, पूर्व प्रधान जयप्रकाश मित्तल, मंडी प्रधान रणधीर सिंह चहल, राजेश कुमार आदी का कहना था कि आए दिन मंडी में कोई न कोई वारदात होती है पर पुलिस उसे करने वालों को पकडऩे की बजाए व्यापारियों को धमकाती है। कुछ दिन पूर्व भी आरएसएस के खंड संयोजक राजेश टीनू पर अज्ञात नकाबपोशों ने पिस्तौल की बट से हमला कर दो लाख रुपए की फिरौती की लिखित में मांग की गई थी। अब एक सप्ताह के भीतर ही संघ के खंड कार्यवाह के बेटे को सरेआम असामाजिक तत्वों ने धुन दिया। व्यापारियों का यह भी कहना था कि संघ के स्वयं सेवकों पर ही हमले क्यों हो रहे हैं पुलिस इस गुत्थी को सुलझाए। शनिवार सुबह फिर से मंडी प्रधान रणधीर सिंह चहल के नेतृत्व में व्यापारियों की बैठक हुई जिसमें मंडी बंद का किया गया आह्वान तो वापिस ले लिया गया। व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल मामले को लेकर एसपी सुमेर प्रताप सिंह को मिला। उन्होंने सारे मामले की जांच कर दोषियों को गिरफ्तार करने, मंडी के व्यापारियों की सुरक्षा को मजबूत करने व एएसआई कश्मीर सिंह के खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग की।
(मनोज वर्मा, रोहताश शर्मा)


Download Android App
Download iOS App



