गुरुग्राम : यहां फर्रूखनगर खंड के गांव सुलतानुपर के पास इसी गांव के ही रहने वाले बुजुर्ग दंपत्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे अपनी वैगनआर कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जिस कारण गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए। दोनों का एक साथ ही दाह संस्कार किया गया। सुल्तानपुर गांव निवासी जितेंद्र सिंह चौहान पुत्र राजकंवर चौहान ने बताया कि सोमवार सुबह वैगनआर कार में उसका बड़ा भाई 61 वर्षीय नरेशपाल व उसकी 58 वर्षीय पत्नी सुधा गांव सुल्तानपुर से गुरुग्राम की ओर जा रहे थे।
जब उनकी कार राष्ट्रीय पक्षी उद्यान सुल्तानपुर झील से पहले मित्तल फार्म हाउस के पास पहुंची तो सामने से आ रहे तेज रफतार कैंटर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। करीब 150 फिट तक कार को घसीटता हुआ कैंटर ले आया। इस दुर्घटना में नरेशपाल व उसकी पत्नी सुधा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दंपत्ति को कार से बाहर निकाला। जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों की मौत हो चुकी थी। जिस तरह से कार के परखच्चे उड़े, वह यह सब बताने में काफी है कि हादसा कितना बड़ा है और इसमें कितना नुकसान हुआ है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।
– सतबीर भारद्वाज


Download Android App
Download iOS App



