जनता की सेवा करना ही मकसद : अश्विनी चोपड़ा

Summary :

NULL

समालखा : स्थानीय ब्लूजे रेस्टोरेंट में पहुंचे सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा का भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों सहित व्यापारियों ने फूलमालाओं से स्वागत किया। व्यापारियों, सामाजिक चिकित्सक महासंघ व लोगों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखते हुए समाधान की मांग की। इस दौरान एनएचएआई द्वारा शहर में जीटी रोड किनारे बनी फैक्ट्रियों को अवैध निर्माण गिराने के लिए मिले नोटिस ही मुख्य मुद्दा रहा। सांसद अश्विनी कुमार चोपड़ा को ज्ञापन देते हुए फैक्ट्री मालिकों ने कहा कि उन्हें एनएचएआई द्वारा बेमतलब परेशान किया जा रहा है। नोटिस देकर अवैध निर्माण गिराने को कहा जा रह है।

जबकि उनके द्वारा कोई अवैध कब्जा नहीं किया गया और सभी की रजिस्ट्रियां व नक्शे पास हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पैमाईश भी ठीक से नहीं की गई है। कभी एनएचएआई अपनी तरफ फैक्ट्री मालिकों की जमीन निकलती दिखा देती है तो कभी उन्हें अवैध कब्जा हटाने का नोटिस थमा देती है। उन्होंने कहा कि एनएचएआई समालखा में उद्योग धंधों को बर्बाद करने पर तुली हुई है। सांसद ने व्यापारियों को आश्वासन देते हुए बताया कि पहले ही केन्द्रीय मंत्री नीतिन गडकरी को इस बारे में पत्र भेज दिया है। जल्द ही समालखा के फैक्ट्री मालिकों के एक प्रतिनिधि मंडल के साथ वे स्वयं नीतिन गडकरी से मिलेंगे।

उन्होंने बताया कि हथवाला रोड तथा नई अनाज मंडी के सामने अंडरपास को मंजूरी मिल गई है और जल्द ही इस पर काम चालू हो जाएगा। कर्नाटक चुनाव में बीजेपी द्वारा बहुमत साबित न कर पाने पर सांसद ने कहा कि जनता की सेवा करना ही उनका मकसद है और अपनी समस्याओं को लेकर जनता कभी भी उनके पास आ सकती है। इस अवसर पर जगदीश रमन, रेणू धीमान, नीरज गोयल, सोहनलाल चौपड़ा, दीपक चौपड़ा, राधेश्याम जिंदल, अनिल धीमान, नीरज गोयल, संदीप गुप्ता, विनय जैन, सरोजबाला, पीडी गुप्ता, श्याम सुंदर बरेजा सहित सैंकड़ो लोग मौजूद थे।

देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।

Desk Team