गांव धांगड़ में किसानों ने रोके सब्जी, दूध के वाहन

Summary :

वाहन चालकों के साथ धक्का शाही करते हुए मारपीट भी की गई लेकिन फतेहाबाद प्रशासन का कोई भी अधिकारी व पुलिसकर्मी मौके पर नहीं था।

फतेहाबाद : स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करवाने और कर्ज माफी की मांग को लेकर देशभर के किसानों ने से हड़ताल शुरू कर दी है। देशभर के किसान 10 जून तक की हड़ताल पर है। गांव धांगड़ के पास किसानों की और से नेशनल हाईवे न. 9 के पास अपनी मांगों को लेकर धरना लगाया गया और शहर की ओर दूध और सब्जियां लेकर आ रहे वाहनों को रोक कर सब्जियों व दूध को सड़क पर बहा दिया गया और वाहन चालकों के साथ धक्का शाही करते हुए मारपीट भी की गई लेकिन फतेहाबाद प्रशासन का कोई भी अधिकारी व पुलिसकर्मी मौके पर नहीं था।

कई घंटों बाद जब प्रशासन तक सूचना पहुंची तो एसपी दीपक सहारण भारी पुलिस बल के साथ गांव धांगड़ पहुंचे व गुंड़ागर्दी कर रहे लोगों को भगा दिया और गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया ताकि फिर से कोई गुंडागर्दी ना कर सके। वहीं दूसरी ओर बीघड़ रोड़ पर स्थित श्री बाला जी दूध डेयरी पर आंदोलन के नाम पर गुंडागर्दी की तस्वीरें सामने आईं। दूध की एक डेयरी को जबरन बंद करवाने के दौरान हुए हंगामे में डेयरी संचालक व आंदोलनकारी लोगों के बीच जमकर हाथापाई हुई। डेयरी संचालक संदीप ने बताया कि उसकी खुद की भैंसे हैं और व खुद ही उनके दूध को सप्लाई करके डेयरी चलाता है।

शुक्रवार सुबह कुछ युवक और आंदोलनकारी उसकी डेयरी पर आए और जबरन डेयरी का शटर खोलकर बन्द करने की धमकी देकर मारपीट करने लगे। डेयरी संचालक ने आरोप लगाया कि उसे व उसके भाई को पीटा गया और धमकी दी गई। संचालक ने कहा कि ये आंदोलन के नाम पर गुंडागर्दी है। दूध-सब्जी सप्लाई बंद करने के नाम पर गुंडागर्दी की जा रही है न की आंदोलन किया जा रहा है। पुलिस को मामले की शिकायत दी गई है।

देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।

– सुनील सचदेवा

Desk Team