रोहतक : सोशल मीडिया पर रोहतक की सुनारिया जेल की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं। डेरा अनुयायी कह रहे हैं कि ये तस्वीरें रोहतक धाम से आई हैं। दरअसल, राम रहीम के नाम की फेसबुक आईडी पर लाइव वीडियो चलने के छह दिन बाद ही सोशल मीडिया पर सुनारिया जेल की कुछ वीडियो और फोटो अनुयायियों ने वायरल कर दी हैं। इसमें अनुयायी कह रहे हैं कि यह तस्वीरें और वीडियो जिस सुनारिया जेल में पिताजी राम रहीम बंद हैं, उस धाम से बाहर आई हैं। पिता जी द्वारा बल्ले-बल्ले कराने का दावा किया गया है।
वीडियो में बताया गया है कि पिताजी द्वारा गमलों में लगाए गए छोटे-छोटे पौधों में आम लग गए हैं। यही नहीं फूल भी खिलकर पूरी तरह से तैयार हैं। मामला सामने आने के बाद साइबर सेल मामले की जांच में जुट गया है। वायरल वीडियो और फोटो को इंसा फैमिली ओनली नामक यूट्यूब चैनल पर भी डाला गया है। इसमें कहा गया है कि जेल के अंदर गमलों में लगे आम के छोटे-छोटे पेड़ पर ही फल आ गए हैं। यह पेड़ राम रहीम की देख रेख में ही लगाए गए थे। एक चमत्कार होने का दावा वीडियो में किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि राम रहीम जेल से ही हर किसी के लिए चमत्कार कर रहे हैं।
हालांकि, जेल प्रशासन ने ऐसे किसी मामले की जानकारी से इंकार किया है। इसलिए बड़ा सवाल उठता है कि आखिर किसने जेल के अंदर की फोटो और वीडियो बनाकर वायरल की हैं। क्योंकि जिस स्थान पर गमले लगे हैं, वहां तक मोबाइल ले जाने की परमिशन नहीं है। सुनारिया जेल में सजा काट रहे राम रहीम से अकसर बुधवार को उसके परिजन मिलने आते हैं।


Download Android App
Download iOS App



