अंबाला : कांग्रेस से बागी हो बेटी चित्रा को निर्दलीय चुनाव लड़ाने वाले पूर्व मंत्री निर्मल सिंह ने रविवार को नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। हालांकि नाम की घोषणा अभी नहीं की है। उन्होंने कहा कि वह और उनकी बेटी चित्रा फरवरी 2020 में अपने समर्थकों की राय के बाद पार्टी के नाम का ऐलान करेंगे। पूर्व मंत्री निर्मल सिंह ने इस दौरान कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा पर धोखा देने का आरोप लगाया।
उन्होंने 2019 में कुरुक्षेत्र से कांग्रेस टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ा था और दूसरे स्थान पर रहे। दरअसल, हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट नहीं मिलने के चलते पूर्व कांग्रेस मंत्री निर्मल सिंह पार्टी से नाराज चल रहे हैं। इसी के चलते उन्होंने अपनी बेटी चित्रा सरवारा को निर्दलीय चुनाव लड़ाया था। चित्रा भाजपा नेता अनिल विज से हार गई। अब रविवार को निर्मल सिंह ने अपने निवास स्थान पर समर्थकों की एक बैठक बुलाई।
इस बैठक में निर्मल सिंह और उनकी बेटी चित्रा सरवारा ने साफ किया कि वो फरवरी में नई पार्टी के नाम का ऐलान करेंगे। उन्होंने कहा कि सबकी सहमति से झंडे और डंडे की भी घोषणा की जाएगी। अगला विधानसभा का चुनाव में अपनी पार्टी के झंडे के नीचे ही लड़ेंगे।निर्मल सिंह ने कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा पर धोखा देने का आरोप लगाया और कहा कि सैलजा की वजह से ही उन्हें निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को निर्मल सिंह ने अपना बड़ा भाई बताया। उन्होंने कहा, ‘हुड्डा मेरे बड़े भाई हैं और मैं उनका आदर करता हूं, लेकिन हमारी राजनीति उनसे अलग ही रहेगी।’
इस दौरान निर्मल सिंह की बेटी एवं राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की पूर्व महासचिव रही चित्रा सरवारा ने कहा कि उनका ऐलान तो तभी हो चुका था, जब वह निर्दलीय चुनाव लड़े और भारी जनसमर्थन भी मिला। अंबाला कैंट व अंबाला शहर के दो हलकों से उन्हें एक लाख का जनसमर्थन मिला है और आज एक अलग पार्टी बनाने का फैसला भी इन्हीं लोगों का ऐलान है।


Download Android App
Download iOS App



