Gurugram Hit and Run Case : दिल्ली से सटे गुरुग्राम के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइकर के साथ पीछा करने, बदतमीजी करने और फिर उसकी स्पोर्ट्स बाइक को टक्कर मारकर भागने का हिट एंड रन मामला सामने आया है। इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक महिला बाइकर रोड पर अपनी बाइक चला रही है इतने में तेजी से एक सफ़ेद रंग की कार आती है और टक्कर मार कर निकल जाती है।
बता दें, राइडर सिया अपनी Aprilia RS 457 बाइक से अपने ग्रुप के साथ राइड पर निकली थीं। आरोप है कि कार में सवार शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने पहले तो उनका पीछा करते हुए फब्तियां कसीं और जब उन्होंने विरोध किया तो कार से उनकी बाइक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिया सड़क पर गिर पड़ीं और उनकी बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। बता दें यह पूरी घटना बाइकर के कैमरे से कैद हो रही थी।
पीछा कर रहे थे कार सवार
पीड़ित बाइकर सिया ने घटना की पूरी आपबीती और वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है। सिया के मुताबिक, रविवार को राइड की शुरुआत से ही एक संदिग्ध कार उनका लगातार पीछा कर रही थी। कार सवारों ने अचानक गाड़ी को बाइक के पास लाकर अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। जब सिया ने उनसे दूरी बनाने को कहा, तो आरोपियों ने उन्हें जबरन बाइक रोकने की धमकी दी।
इसके बाद कार चालक ने तेजी से ओवरटेक करते हुए जानबूझकर बाइक में टक्कर मार दी, जिससे सिया सड़क पर गिरकर घायल हो गईं, जबकि आरोपी मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गए।
कार मालिक का दावा, ‘दोस्त चला रहा था गाड़ी’
वायरल वीडियो में आरोपी की कार (HR 30 Y 4949) का नंबर साफ दिख रहा है। जांच में सामने आया कि गाड़ी का मालिक मनीष नाम का व्यक्ति है। हालांकि, संपर्क करने पर कार मालिक मनीष ने खुद को बेकसूर बताते हुए पुलिस को दिए बयान में कहा कि हादसे के वक्त गाड़ी वह नहीं, बल्कि उसका दोस्त कल्याण चला रहा था।
हालांकि इस मामले में पुलिस की जांच शुरू हो गई है। सोशल मीडिया पर एक्शन कैमरे का वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस हरकत में आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल फुटेज के आधार पर मामले का संज्ञान ले लिया गया है और कार के रजिस्ट्रेशन नंबर तथा मनीष के बयान को आधार बनाकर आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें – नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए अंबाला के डॉक्टरों ने पेश की इंसानियत की मिसाल, 3 दिन में 3 हजार लोगों का किया इलाज


Download Android App
Download iOS App




