गुरुग्राम : साइबर सिक्योरिटी के लिए टोल-फ्री नंबर तथा साइबर सिक्योरिटी पोर्टल शुरू करने वाला हरियाणा देश का पहला प्रांत बन गया है। ये दोनो सुविधाएं हरियाणा के वितमंत्री कैप्टन अभिमन्यु द्वारा गुरुग्राम के हारट्रोन कैंपस में डिजीटल इनोवेशन तथा साइबर सिक्योरिटी पर आयोजित राष्ट्रीय समिट में लांच की गई। प्रदेश का कोई भी व्यक्ति अब हरियाणाआईएसएमओ.जीओवी.आईएन नामक साइबर सिक्योरिटी पोर्टल पर लॉग इन करके साइबर सिक्योरिटी के बारे में जान सकता है।
यही नहीं, इस पोर्टल पर बच्चों को ऑनलाईन कैसे सुरक्षित रखा जा सकता है, इसकी भी जानकारी दी गई है। मुख्य अतिथि वितमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की उपस्थिति में इलैक्ट्रॉनिक्स तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रधान सचिव अंकुर गुप्ता ने इस सुविधा के लॉंच के अवसर पर बताया कि चूंकि आजकल बच्चे भी मोबाईल का प्रयोग करते हैं तथा ऑनलाइन रहते हैं, उन्हें भी ऑनलाइन के खतरों के बारे में जागरूक करते हुए यह बताया जाना जरूरी है कि कंप्यूटर तथा इंटरनेट का प्रयोग करते समय क्या-क्या सावधानियां उन्हें बरतनी चाहिए।
इसके लिए साइबर सिक्योरिटी पोर्टल पर विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों के लिए कुछ सवाल दिए गए हैं जिनका उत्तर उन्हें देना होता है। इसे प्रदेश के स्कूलों में लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का पोर्टल शुरू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। समिट में वितमंत्री द्वारा साइबर सिक्योरिटी तथा साइबर अलर्ट की रिपोटिंग के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-180-1234 की भी शुरुआत की गई और बताया गया कि यह सुविधा भी देश में पहली बार हरियाणा में शुरू की जा रही है।
इस मौके पर हारट्रोन परिसर में विभिन्न आईटी कंपनियों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई थी जिसमें वितमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने काफी रूचि दिखाई और कहा कि वे साइबर जोखिम से बचाव के लिए अपनाए जाने वाले उपायों आदि की जानकारी लेने के इच्छुक हैं। इसके लिए वे किसी रोज आधा दिन गुरुग्राम में लगाएंगे। उन्होंने समिट में साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले विभिन्न राज्यों के आईटी से जुड़े प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जिनमें गुरुग्राम के डाईटैक साईबर सैल के लिए हरियाणा पुलिस के आईजीपी सिक्योरिटी सौरभ सिंह व इंचार्ज गुणपाल शामिल थे।
हारट्रोन के प्रबंध निदेशक तथा इलैक्ट्रॉनिक्स व आईटी विभाग के सचिव विजेंद्र कुमार ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि दिन-प्रतिदिन डाटा चोरी होने के मामलों को देखते हुए साइबर सिक्योरिटी आज का अहम विषय है। उन्होंने साइबर सिक्योरिटी को बहुत बड़ा रावण बताया और कहा कि वर्तमान युग में सारा खेल डाटा का है, उसे कैसे बचाकर रखना है, यह अहम सवाल है।
– सतबीर/अरोड़ा


Download Android App
Download iOS App



