हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कोरोना पॉजिटिव पाए गए

Summary :

हरियाणा विधानसभा का मॉनसून सत्र शुरू होने से ठीक दो दिन पहले विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता और भाजपा के दो विधायकों कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

कोरोना वायरस का कहर देशभर में जारी है। संक्रमण की चपेट में एक के बाद एक बड़े नेता आ रहे हैं। इस बीच, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सीएम खट्टर ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। बता दें कि इसके पहले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
सीएम खट्टर ने ट्वीट कर कहा, ”मैंने आज कोरोना वायरस का टेस्ट कराया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं अपने सभी सहकर्मियों और सहयोगियों से टेस्ट कराने की अपील करता हूं जो पिछले एक सप्ताह में मेरे संपर्क में आए हैं। मैं अपने करीबियों से भी तुरंत क्वारंटाइन में जाने का अनुरोध करता हूं।”

मालूम हो कि हरियाणा विधानसभा का मॉनसून सत्र शुरू होने से ठीक दो दिन पहले विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता और भाजपा के दो विधायकों कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। राज्य के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि विधानसभा के छह कर्मचारियों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का प्रकोप जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार संक्रमितों का आंकड़ा  31,06,348 तक पहुंच गया है और 57,542 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 23,38,035 लोग ठीक हो चुके हैं। 

Desk Team