नई दिल्ली : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि पुस्तैनी संपत्तियों के बंटवारे से संबधित विवादों में विभिन्न जटिलताओं से निजात दिलाने की दिशा में हरियाणा सरकार बेहतरहीन प्रणाली विकसित करने जा रही है। नई दिल्ली में भारतीय संयुक्त सेवा संस्थान में भारतीय प्रबंधन संस्थान,रोहतक द्वारा आयोजित 7वें भारतीय प्रबंधन संस्थान विश्व प्रबंधन सम्मेलन के समापन समारोह को मुख्यातिथि के रूप में संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकारी योजनाओं को सीधे लाभपात्रों तक पहुंचाने की दिशा में हरियाणा सरकार प्रदेश में परिवार इकाइयों के आधार पर विभिन्न आवश्यक एवं उपयोगी जानकारियां एकत्र कर विवरण तैयार करने की योजना पर कार्य कर रही है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व आज प्रबंधन की दिशा में अग्रसर हो रहा है। आबादी कीआवश्यकताओं की समयबद्ध रूप से पूर्ति, समस्याओं से निजात व भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए अनेक विधाओं में से अच्छा प्रबंधन भी एक विधा है। जनहित में लक्ष्याभिमुख होकर किया अच्छा प्रबंधन परिणामदायक होता है। जनहित में निर्णय लेकर व लक्ष्याभिमुख होकर किए गए कुशल प्रबंधन के परिणामस्वरूप ही हरियाणा सरकार तेजी से ‘जीरो टोलरेंस फोर करप्सन’ की ओर अग्रसर हुई है। इस दिशा में जिम्मेदार नेतृत्व हमारी मूल प्राथमिकता रही है।
उन्होंने कहा कि लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में समयबद्धता अच्छे प्रबंधन का एक महत्वपूर्ण तत्व होता है। इस दिशा में महत्वपूर्ण व आवश्यक विषयों पर समयबद्ध रूप से निर्णय लेने व आवश्यक कार्यों के समयबद्ध रूप से निपटान के लिए हरियाणा सरकार की कार्यप्रणाली में ‘समयबद्धता’ के तत्व को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए हैं। महत्वपूर्ण एवं आवश्यक विषयों व कार्यों से संदर्भित फाइलों के लिए ‘रन-थ्रो’ प्रणाली बनाई जा रही है ताकि कार्यक्षमता भी बढ सके। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित में हरियाणा सरकार ने सदैव ‘ईमानदारी’ का अनुसरण किया है। इस दिशा में पारदर्शी प्रणाली से सरकारी पदों पर योग्यता के आधार पर प्रार्थियों का चयन करने की व्यवस्थाएं देने के हरियाणा का कार्य दूसरे राज्यों के लिए अनुकरणीय बन चुका है।
कुशल प्रबंधन के परिणामस्वरूप ही हरियाणा सरकार एक बेहतरीन स्थानांतरण नीति को क्रियान्वित कर सकी है। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि वे कभी भी स्वयं की ‘मार्केटिंग’ में विश्वास नहीं करते। जनहित में सदैव यथार्थ व वास्तविकता की ही मार्केटिंग की जानी होती है। सार्वजनिक व नीजी क्षेत्र में उपयोगकर्ताओं द्वारा जब स्वयं सेवादाता की मार्केटिंग की जाए तो वह अत्यंत बेहतर स्थिति होती है। हरियाणा सरकार शक्तियों के विकेंद्रीकरण की ओर अग्रसर हुई है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर ने अपने संबोधन में कहा कि कुशल प्रबंधन के परिणामस्वरूप ही हरियाणा राजकोषीय आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो सका है। बेहतरीन प्रबंधन के परिणामस्वरूप ही हरियाणा में 50 प्रतिशत से अधिक गाँवों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकी है। हरियाणा प्रदेश को मिट्टी के तेल के उपयोग से मुक्त किया जा सका है।
भारतीय प्रबंधन संस्थान,रोहतक के निदेशक श्री धीरज शर्मा ने समापन समारोह के मुख्यातिथि,मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में 7वें भारतीय प्रबंधन संस्थान विश्व प्रबंधन सम्मेलन के संदर्भ में संक्षिप्त विवरण दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त स्थानीय आयुक्त व सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक श्री श्री पी सी मीणा भी मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



