Haryana News: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने आज यानी 26 दिसंबर को हरियाणा की बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं के भविष्य के साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है। उनका कहना है कि हरियाणा को जानबूझकर “आउटसाइडर्स का स्वर्ग” बना दिया गया है, जहां स्थानीय युवाओं को मेहनत के बावजूद सरकारी नौकरियों से वंचित किया जा रहा है।
Haryana News: स्थानीय युवाओं के सपनों पर चोट
अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा के युवा सालों तक पढ़ाई करते हैं, कठिन परीक्षाएं देते हैं और नौकरी की उम्मीद लगाए रहते हैं, लेकिन सरकार की नीतियां उन्हें बेरोजगार बना रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को सिर्फ चुनाव के समय याद किया जाता है, जबकि नौकरी देने के वक्त उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है। यह कोई गलती नहीं, बल्कि सोच-समझकर किया गया अन्याय है।
Haryana News Today: AE भर्ती के आंकड़े खुद बोल रहे हैं
उन्होंने हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) की असिस्टेंट इंजीनियर (AE) भर्ती 2025 का उदाहरण देते हुए कहा कि सच्चाई आंकड़ों में साफ दिखती है। जनरल कैटेगरी की 153 में से 106 सीटें बाहर के उम्मीदवारों को दे दी गईं। वहीं AE इलेक्ट्रिकल्स की सूची में 214 जनरल उम्मीदवारों में सिर्फ 29 हरियाणा के हैं। ढांडा ने कहा कि यह सिस्टम की नाकामी नहीं, बल्कि युवाओं के खिलाफ साजिश है।

Anurag Dhanda News: HPSC पर तीखा तंज
अनुराग ढांडा ने HPSC पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह अब “हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन” नहीं, बल्कि “हायर आउटसाइडर्स सर्विस कमीशन” बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने डोमिसाइल की शर्त 15 साल से घटाकर 5 साल कर दी, ताकि बाहरी लोग आसानी से हरियाणा की नौकरियों में आ सकें, यहां तक कि आरक्षित श्रेणियों में भी।
पेपर लीक और भर्ती घोटाले
AAP नेता ने कहा कि हरियाणा अब पेपर लीक और भर्ती घोटालों का केंद्र बन चुका है। युवाओं का भविष्य 3 से 4 लाख रुपये में बेचा जा रहा है। CSIR-UGC-NET 2025 पेपर लीक मामले में सोनीपत से हुई गिरफ्तारियां इस बात का सबूत हैं कि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र बेचे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इन मामलों पर आंखें मूंदे बैठी है।

मुख्यमंत्री की चुप्पी पर उठाए सवाल
अनुराग ढांडा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर सरकार किसे बचा रही है। जब पुलिस कार्रवाई कर रही है, तब मुख्यमंत्री यह कहकर बच नहीं सकते कि कोई पेपर लीक नहीं हुआ। यह चुप्पी युवाओं की नौकरियां जानबूझकर छीने जाने की ओर इशारा करती है।

AAP की मांग और चेतावनी
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा के युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। पार्टी की मांग है कि AE भर्ती की निष्पक्ष जांच हो, हरियाणवी युवाओं को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता मिले और सभी पेपर लीक मामलों की CBI जांच कर दोषियों को सख्त सजा दी जाए। अनुराग ढांडा ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने कदम नहीं उठाए, तो AAP युवाओं के साथ मिलकर बड़ा जन आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा अब चुप नहीं रहेगा और अपने हक के लिए आवाज उठाएगा।
यह भी पढ़ें: CM नायब सैनी PM मोदी-शाह की पहली पसंद! हरियाणा में बढ़ रहा कद और अटूट विश्वास


Download Android App
Download iOS App




