चंडीगढ़: हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हरियाणा एसवाईएल से अपने हिस्से का पानी लेकर ही इस मुद्दे को समाप्त करेगा। इसके पश्चात कैप्टन अमरेन्द्र की चाहे जो भी गति क्यों न हो। विज राष्ट्र्रीय स्वास्थ्य मिशन हरियाणा तथा यूनिसेफ के मध्य हुए ‘न्यूमोकोकल कांजूगेट वैक्सिन खरीद’ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर अवसर पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता के लिए पंजाब का मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह कोई मुद्दा नहीं बल्कि प्रदेश में एसवाईएल का पानी लाना ही प्रमुख मुद्दा है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार के मुखिया कैप्टन अमरेन्द्र सिंह अपनी बयानबाजी से न केवल देश के सर्वोच्च न्यायालय की अवमानना कर रहे हैं बल्कि आंतकी विचारधारा को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं। यह विचारधारा पंजाब की शांतिप्रिय जनता के लिए भी घातक है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है और नियंत्रण में हैं, इस पर किसी को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।
– आहूजा


Download Android App
Download iOS App



