गुरुग्राम: साइबर सिटी में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी। दिन दहाड़े हुई पत्रकार की मौत से सिविल लाइन क्षेत्र में दहशत फैल गई। कार में सवार होकर आए बदमाशों ने पहले पत्रकार की गाड़ी रूकवाई और कहासुनी के बाद उसी की पिस्टल छीनकर पांच गोली पत्रकार के सीने से पार कर दी। पुलिस के मुताबिक हमलावर सेट्रो कार से आए थे। घटना झाड़सा रोड स्थित एक शराब के ठेके के पास की है। पत्रकार को गोली मारने के बाद बदमाश अपनी कार में बैठकर फरार हो गए। बदमाशों की संख्या दो बताई जा रही है। घायल पत्रकार को सिविल अस्पताल ले जाया गया लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह राणा के रूप में की गई है।
शुक्रवार की दोपहर किसी काम से शांति नगर निवासी पत्रकार सुरेंद्र सिंह राणा अपनी टाटा सफारी से सिविल लाइन की तरफ आ रहा था। जब वह झाड़सा रोड पर पहुंचा था कि तभी एक सेट्रो कार के चालक ने अपनी गाड़ी सफारी के आगे लगा दी। सफारी के आगे सेंट्रो के रूकते ही पत्रकार सुरेंद्र ने अपनी सफारी रोक दी और गाड़ी का दरवाजा खोलकर बाहर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सेट्रो कार मेें दो युवक सवार थे। युवकों की सुरेंद्र के साथ कुछ कहासुनी हुई उसके बाद बदमाशों ने सुरेंद्र की ही पिस्टल छीनकर पांच गोली उसके सीने में उतार दी। खून से लथपथ सुरेंद्र घायल होकर सड़क पर गिर गया। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले बदमाश मौके से फरार हो गए।
दिन दहाड़े हुई इस वारदात से शहर में सनसनी फैल गई। जिस समय गोलबारी हुई यह सड़क व्यस्त थी और लोग आ जा रहे थे। लोगों को लगा कि कहीं कोई छोटा मोटा सड़क हादसा हो गया होगा लेकिन फायरिंग की आवाज सुनकर लोगों कें हड़कंप मच गया। उसी समय किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। घटना की सूचना पाकर डीसीपी क्राइम सुमित कुमार, एसीपी सिविल लाइन थाना प्रभारी और अपराध शाखा की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के दुकानदारों और वहां खड़े लोगों से घटना की जानकारी दी। डीसीपी क्राइम सुमीत कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों को बहुत जल्द पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।
– सतबीर भारद्वाज


Download Android App
Download iOS App



