कैथल : एस.वाई.एल. मामले में सुप्रीम कोर्ट का निर्णय लागू करवाने को लेकर संघर्षरत इनेलो-बसपा कार्यकत्र्ताओं ने मंगलवार को कैथल में जेल भरो आंदोलन के तहत नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा, बसपा प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती के नेतृृत्व में हजारों की संख्या में एकत्रित होकर गिरफ्तारियां दी। गिरफ्तारी की खासबात यह रही कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं एम.डी. शुगर मिल कंवर सिंह, डी.एस.पी. रामकुमार व सतीश गौत्तम ने मंच पर ही प्रतिपक्ष नेता अभय सिंह चौटाला व रामपाल माजरा को गिरफ्तार व रिहा किया। नई अनाज मंडी शैड के नीचे एकत्रित हुए इनैलो-बसपा कार्यकत्र्ताओं की भीड़ देख दोनों पार्टियों के शीर्ष नेता गद्गद नजर आए।
गिरफ्तारियां देने पहुंचे कार्यकत्र्ताओं में महिलाएं भी बड़ी तादाद में पहुंची। गिरफ्तारियां देने से पूर्व कार्यकत्र्ताओं को प्रशासन की तरफ से इनैलो-बसपा नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकत्र्ताओं को गिरफ्तार करने के लिए मंडी के शैड को ही अस्थाई जेल बनाया गया जहां 8230 पुरुष व 3 हजार महिला कार्यकत्र्ताओं ने लिखित रूप से स्वेच्छा से गिरफ्तारियां दी। इस मौके पर प्रतिपक्ष नेता अभय सिंह चौटाला व पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा ने प्रदेश की भाजपा सरकार को पूरी तरह से अनुभवहीन व जनविरोधी बताते हुए कहा कि हरियाणा के बच्चे से लेकर वृद्ध तक का कंठ जल संकट के कारण सूखने लगा है।
अन्नदाता किसान की जमीन पानी की भारी कमी की मार झेल रही है। वर्ष 2016 में सुप्रीम कोर्ट ने एस.वाई.एल. नहर के निर्माण के लिए केंद्र की भाजपा सरकार को आदेश जारी किए थे लेकिन प्रदेश की मौजूदा सरकार इस निर्णय को लागू कराने में असफल रही है। प्रदेश सरकार बजाय हरियाणा के किसानों की दुख तकलीफों को दूर करने के, सिर्फ प्रदेश के भाईचारे को खराब करने में जुटी हुई है और यही कारण है कि अब से पहले तीन बार प्रदेश को आग के हवाले किया जा चुका है। किसान-कमेरे की एकता जननायक ताऊ देवीलाल और साहेब कांशीराम के समय का साथ है जो सदा भ्रष्टाचारियों और सांप्रदायिक ताकतों के विरुद्ध एकजुट होकर लड़ेगा। मंच संचालन इनैलो जिलाध्यक्ष पंडित कंवरपाल करोड़ा ने किया।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



