चंडीगढ़ : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिह हुड्डा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हिसार दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा है कि केजरीवाल का हरियाणा प्रेम छल से भरा एक झूठा दिखावा है। गत पंजाब विधानसभा चुनावों के वक्त केजरीवाल ने खुलेआम प्रदेश की जीवन रेखा एसवाईएल के निर्माण का विरोध किया था। उन्होंने यह भी कहा कि किसी अन्य राज्य को देने के लिए पंजाब के पास एक बून्द भी फालतू पानी नहीं है।
उन्होंने पंजाब के लोगों को उनके कहे पर विश्वास करने का आग्रह करते हुए यह भी कहा था कि ‘आप’ पार्टी की सरकार बनने पर वे एसवाईएल का निर्माण न होने देने के वायदे पर खरा उतर कर दिखायेंगे। हुड्डा ने कहा कि अब चूंकि हरियाणा में चुनाव नजदीक आते दिखाई दे रहे हैं तो अरविन्द केजरीवाल को हरियाणा की याद आई है। उन्हें पंजाब चुनाव के वक्त यह भी याद नहीं रहा कि उनका गृहक्षेत्र सिवानी, जो हिसार के नजदीक है, किस तरह पानी की किल्लत झेल रहा है।
हरियाणा के सूखाग्रस्त क्षेत्रों के हालात से अनजान बन वे अपने फौरी राजनीतिक स्वार्थ के लिए पंजाब के हक में खड़े होने के बाद अब किस मुंह से ‘हरियाणा बचाओ’ का नारा देने आ रहे हैं। बेहतर होगा कि केजरीवाल हिसार आने से पहले वे एसवाईएल पर अपने पहले लिए गए स्टैण्ड पर हरियाणावासियों से माफी मांगे।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।
(आहूजा)


Download Android App
Download iOS App



