झज्जर : झज्जर की मातनहेल अनाजमंडी में शुक्रवार को हथियारबंद लुटेरों ने एक आढ़ती से 33 लाख रूपए लूट लिए। लुटेरे एक कार में सवार होकर आए थे और लूट की घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गए। लुटेरों ने पीड़ित आढती के साथ जमकर मारपीट भी की। लुटेरों के हमले से बुरी तरह घायल आढ़ती को झज्जर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना उसीसमय पीड़ित पक्ष की तरफ से पुलिस कंट्रोल रूम पर दिए जाने के साथ-साथ साथलगती पुलिस चौकी में भी दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए चारों तरफ की नाकाबंदी भी की, लेकिन लुटेरे पुलिस को चकमा देने मेें कामयाब हो गए। फिलहाल पुलिस ने इस बारेमें अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भादस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर लिया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस के हाथ कोई सफलता नहीं लग पाई थी। जानकारी अनुसार झज्जर की मातनहेल अनाजमंडी में मंजीतपुत्र धर्मबीर आढ़ती का काम करता है।
शुक्रवार को मंजीत को करीब चालीस लाख रूपए का भुगतान करना था। इसी के चलते उसने करीब सात लाख रूपए की पेमेंट भी कर दी थी। अभी वह भुगतान के लिए अन्य आढ़तियों व किसानों का इंतजार कर रहा था कि उसी दौरान स्वीफ्ट डिजायर गाड़ी में सवार होकर करीब आधा दर्जन नकाबपोश मंजीत के यहां आए। पहले तो उन्होंने मंजीत के साथ जमकर मारपीट की और बाद में उससे 33 लाख रूपए छीनकर फरार हो गए।
लुटेरों के हमले का शिकार आढ़ती मंजीत को उसी समय उपचार के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही भाजपा प्रत्याशी अरविन्द शर्मा नागरिक अस्पताल पहुंचे और घायल आढ़ती से घटना की पूरी जानकारी लेनेके बाद एसपी से इस बारे में फोन पर बातचीत की। एसपी अशोक कुमार ने इस बारे में जल्द ही लुटेरों की गिरफ्तारी किए जाने का आश्वासन दिया है।


Download Android App
Download iOS App



