मानेसर घोटाला : अदालत में पेश हुए हुड्डा

Summary :

हरियाणा के मानेसर में 900 एकड़ जमीन अधिग्रहण मामले की सुनवाई शनिवार को पंचकूला में सीबीआई की विशेष कोर्ट में हुई।

चंडीगढ़ : हरियाणा के मानेसर में 900 एकड़ जमीन अधिग्रहण मामले की सुनवाई शनिवार को पंचकूला में सीबीआई की विशेष कोर्ट में हुई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पेश होने पहुंचे। अगस्त 2014 में निजी बिल्डरों ने हरियाणा सरकार के अज्ञात जनसेवकों के साथ मिलीभगत से गुरुग्राम जिले में मानसेर, नौरंगपुर और लखनौला गांवों के किसानों और भूस्वामियों को अधिग्रहण का भय दिखाकर उनकी करीब 400 एकड़ जमीन सस्ते दामों में खरीद ली थी। 
कांग्रेस की तत्कालीन हुड्डा सरकार पर करीब 900 एकड़ जमीन का अधिग्रहण करके उसे औने-पौने दाम पर बेचने का आरोप है। सीबीआई ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं मामले के आरोपी भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत 34 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट फाइल की थी। 
चार्जशीट में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा एमएल तायल, छतर सिंह, एसएस ढिल्लों, पूर्व डीटीपी जसवंत सहित कई बिल्डरों के नाम हैं। मानेसर लैंड स्कैम में सीबीआई ने पूर्व सीएम सहित 34 के खिलाफ 17 सितंबर 2015 को मामला दर्ज किया था। इस मामले में ईडी ने भी हुड्डा के खिलाफ सितंबर 2016 में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था।

Desk Team