रोहतक में मतदान के दौरान अनुचित आचरण के लिये मंत्री, पूर्व कांग्रेस विधायक पर मामला दर्ज

Summary :

धारा 131 (मतदान केंद्र के अंदर या आस-पास अनुचित आचरण करना) के तहत रोहतक की शिवाजी कॉलोनी पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया। 

हरियाणा पुलिस ने राज्य के रोहतक जिले में बिना अनुमति एक मतदान केंद्र के अंदर कथित तौर पर प्रवेश करने और अनुचित आचारण के लिये राज्य सरकार के मंत्री मनीष ग्रोवर और पूर्व कांग्रेस विधायक बी. बी. बत्रा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ग्रोवर राज्य के सहकारिता मंत्री हैं जबकि बत्रा रोहतक से पूर्व विधायक हैं।

बृहस्पतिवार को रोहतक के पुलिस अधीक्षक एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी जे. एस. रंधावा की शिकायत पर दोनों के खिलाफ बुधवार को आईपीसी की धारा 188 (लोक सेवक के विधिवत आदेश की अवज्ञा) और जनप्रतिनिधित्व कानून की धारा 131 (मतदान केंद्र के अंदर या आस-पास अनुचित आचरण करना) के तहत रोहतक की शिवाजी कॉलोनी पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया।

शिकायत के अनुसार ग्रोवर और बत्रा रोहतक संसदीय क्षेत्र में एक स्कूल में बने मतदान केंद्र के अंदर कथित रूप से बगैर अनुमति के घुसे और हंगामा किया। राज्य में 12 मई को नौ अन्य लोकसभा सीटों के साथ इस सीट पर मतदान संपन्न हुआ था । रोहतक से कांग्रेस के मौजूदा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं।

Desk Team