हरियाणा की नारनौल जेल के उपाधीक्षक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान रोहतक के पोलंगी गांव के कुलदीप हुड्डा (45) के रूप में की गयी है। कुलदीप पर भ्रष्टाचार के दो मुकदमे चल रहे थे।
डीएसपी पर भ्रष्टाचार के दो मामले दर्ज थे
पुलिस ने बताया कि कुलदीप अपने एक रिश्तेदार से मिलने बृहस्पतिवार को राजेंद्र पार्क थाना क्षेत्र के मकरोला गांव पहुंचा था, जहां उसने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद कुलदीप को एसजीटी मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गयी। कुलदीप के खिलाफ भ्रष्टाचार के दो मामले दर्ज थे। एक मामला पुलिस ने नारनौल में जबकि दूसरा राज्य सतर्कता ब्यूरो ने दर्ज किया था। इससे पहले, पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
जमानत ख़ारिज होने की वजह से तनाव में था कुलदीप
गुरुग्राम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहचान गुप्त रखे जाने की शर्त पर पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘कुलदीप के खिलाफ नारनौल पुलिस और राज्य सतर्कता ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के मामले दर्ज किए थे। उच्च न्यायालय में बृहस्पतिवार को उसकी जमानत के लिए सुनवाई थी और बताया जाता है कि उसकी जमानत की अपील खारिज कर दी गई थी। हो सकता है कि इसकी वजह से वह परेशान रहा हो। हम उसके परिवार से बात कर रहे हैं और मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



