रेवाड़ी: जिले मे बदमाशों का कहर शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात्रि जिले के कस्बा बावल में एक नकाबपोश बदमाश ने कपड़ा व्यापारी को उसी की दुकान में पिस्तौल से हवाई फायर कर एक करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की। बदमाश की यह कारनामा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फिरौती मांगने के उपरांत बदमाश हवाई फायर करते हुए फरार हो गया। सूचना मिलने के उपरांत पहुंची पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार जिले के कस्बा बावल के कटला बाजार में नरेश कुमार ने कपड़े की दुकान की हुई है। बताया जा रहा है कि बीती रात्रि करीब नौ बजे बाइक पर सवार होकर दो बदमाश नरेश की दुकान पर पहुंचे। इनमे से एक नकाबपोश बदमाश बाइक से उतरा और दुकान के अंदर पहुंचकर नरेश कुमार से एक करोड़ रुपये देने की मांग की, अन्यथा अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। इस दौरान नरेश की दुकान पर कुछ लोग भी बैठे हुए थे।
नरेश ने युवक से कहा कि पहले वह नकाब उतारे और उसके बाद बात करे। बस फिर क्या था, बदमाश ने गुस्से में आकर अपनी पिस्तौल निकाली और फायर कर दिया। यह गोली सीधे दुकान की दीवार में जा लगी। गोली चलने की घटना के बाद, वहां बैठे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान बदमाश दुकान के बाहर आया और हवाई फायर करते हुए अपने साथी बाइक सवार के साथ फरार हो गया। गोली चलने की वारदात के बाद कटला बाजार में दहशत फैल गए और कुछ ही समय में काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। इस बीच वारदात की सूचना बावल थाना पुलिस को दी गई। बावल थाना प्रभारी अजय दिसौयिा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके से गोली के खोल भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है। पुलिस के अनुसार बदमाश की पहचान हो चुकी है तथा शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
– शशि सैनी


Download Android App
Download iOS App



